यूपी में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग ने आज यानी बुधवार काे प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें से 72 जिलों में भारी बारिश हो सकती है। लखनऊ, वाराणसी, मेरठ समेत 65 शहरों में भारी बारिश की संभावना है। बिजली भी गिर सकती है। वहीं मंगलवार सुबह से लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी-मथुरा समेत 50 से ज्यादा शहरों में बारिश हुई। सबसे ज्यादा 71 मिमी बारिश कन्नौज में हुई। लखनऊ में 31 मिमी. बारिश हुई। यह एक दिन में औसत बारिश से 4 गुना ज्यादा है। मथुरा में भारी बारिश की वजह से अंडरपास में 4 फीट तक पानी भर गया। कई स्कूटी और बाइक डूब गईं। बाराबंकी में 4 घंटे की मूसलाधार बारिश से बस स्टेशन परिसर में जलभराव हो गया। फर्रुखाबाद के 24 गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। कई गांवों का संपर्क मुख्य मार्गों से टूट गया है और गलियों में नावें चलानी पड़ रही हैं। लोगों के घरों और खेतों में पानी भर गया है। बिजनौर में भी छह गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। यहां गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। बारिश-बाढ़ की तस्वीरें… लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- मानसूनी सिस्टम अब यूपी के ऊपर एक्टिव हो गया है। यह दिल्ली, लखनऊ और पटना से होकर गुजर रहा है। इस वजह से कई चक्रवात सक्रिय हो गए हैं। गंगा के मैदानी इलाकों में मानसूनी हवाएं मजबूत हुई हैं। इसके असर से अगले 4 से 5 दिनों तक पूरे प्रदेश में झमाझम बारिश होगी। आज कहां-कहां बारिश की संभावना, देखिए कन्नौज में 71 मिमी बारिश, जानिए टॉप 10 शहर, जहां सबसे ज्यादा बादल बरसे यूपी में मौसम के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…