राजपाल यादव के घर 16 करोड़ का नोटिस चस्पा:चेक बाउंस मामले में मुंबई से बैंक अफसर शाहजहांपुर पहुंचे

शाहजहांपुर में बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव की मुश्किलें बढ़ गई हैं। चेक बाउंस मामले के बाद अब मुंबई के सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने उनकी शाहजहांपुर स्थित संपत्ति पर वसूली का नोटिस चस्पा किया है। दावा किया गया है कि बैंक का राजपाल यादव पर 16 करोड़ 61 लाख रुपये से अधिक का बकाया है। बैंक के रिकवरी अधिकारी ने बुधवार को शाहजहांपुर के सदर बाजार क्षेत्र में स्थित एक संपत्ति पर यह नोटिस चस्पा किया। इस कार्रवाई की तस्वीरें भी सामने आई हैं। देर रात तक फिल्म अभिनेता राजपाल यादव की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। जानकारी के अनुसार, राजपाल यादव का पैतृक गांव बंडा थाना क्षेत्र का कुंडरा है, जहां उनका परिवार रहता है। यह बकाया राशि उनके द्वारा लिए गए लोन और उस पर लगे ब्याज से संबंधित है। बताया जा रहा है कि राजपाल ने अपनी पत्नी राधा यादव और मां गोदावरी के नाम से यह लोन लिया था, जिसका समय पर भुगतान नहीं किया गया। समय पर भुगतान न होने के कारण यह राशि बढ़कर 16 करोड़ 61 लाख रुपये से अधिक हो गई है। अब बैंक ने वसूली की प्रक्रिया शुरू की है। चर्चा है कि इस कार्रवाई के दायरे में उनकी गांव की पैतृक संपत्ति और मुंबई की संपत्ति भी आ सकती है। जानकारों का कहना है कि यदि समय पर भुगतान नहीं किया गया, तो इन संपत्तियों की नीलामी कराई जाएगी।