चेतावनी- यूपी में कल 75 शहरों में बारिश का अलर्ट:10 नदियां उफान पर; काशी में गंगा आरती घाट, वृंदावन में परिक्रमा मार्ग डूबे

यूपी में लगातार हो रही मानसूनी बारिश से नदियां उफान पर हैं। गंगा, यमुना, शारदा और सरयू समेत 10 से ज्यादा नदियां खतरे के निशान के करीब बह रही हैं। मथुरा में यमुना नदी का पानी घाटों की सीढ़ियों तक पहुंच गया है। वृंदावन में केशीघाट पर परिक्रमा मार्ग डूब गया है। भक्त एक फीट पानी में उतरकर परिक्रमा लगा रहे हैं। कानपुर शहर से 25 किलोमीटर दूर गंगा घाट के किनारे ब्रह्मावर्त घाट पर ‘ब्रह्मा की खूंटी’ मंदिर में खूंटी डूब गई। काशी में गंगा का पानी मणिकर्णिका घाट तक पहुंच गया है। सभी 84 घाटों को जोड़ने वाले रास्ते जलमग्न हो गए हैं। इससे उनका आपस में संपर्क टूट गया है। दशाश्वमेघ घाट पर गंगा आरती की जगह बदल दी गई है। फर्रुखाबाद में 36 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। बिजनौर में पिछले 11 दिनों से गंगा का पानी स्टेट हाईवे के ऊपर से बह रहा है। 12 गांवों में बाढ़ से हालात बिगड़ गए हैं। लोग अपने घरों को छोड़कर जाने को मजबूर हैं। दोनों की जिलों के ग्रामीण इलाकों में नावें चल रही हैं। लोगों को ट्रैक्टर और बैलगाड़ी के सहारे आवाजाही करनी पड़ रही है। रविवार सुबह से लखनऊ, कानपुर, वाराणसी और प्रयागराज समेत ज्यादातर शहरों में मौसम साफ है। तेज धूप निकली है। हालांकि, बीच-बीच में बादल छा रहे हैं। ठंडी हवा चलने की वजह से गर्मी नहीं है। मौसम विभाग (IMD) ने आज 52 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। ललितपुर और सोनभद्र समेत 10 जिलों में भारी बारिश हो सकती है। सोमवार को पूरे प्रदेश में बारिश की संभावना है। ललितपुर और महोबा में भारी से भारी बारिश का अलर्ट है। बाढ़ की तस्वीरें देखिए… लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- दक्षिण-पश्चिम यूपी पर बना कम दबाव का क्षेत्र अब कमजोर पड़ गया है। मानसूनी रेखा दिल्ली और आगरा से होते हुए पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी की ओर जा रही है। इसके अलावा, दक्षिणी पश्चिम बंगाल और उससे सटे उत्तरी ओडिशा पर बना एक और कम दबाव का क्षेत्र उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। ऐसे में अगले तीन दिनों तक यूपी के दक्षिणी हिस्सों में मानसून ज्यादा सक्रिय रहेगा। कल कहां-कहां बारिश की संभावना, देखिए यूपी में मौसम के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…