बरेली में कांवड़ रूट पर नॉनवेज दुकानों पर बुलडोजर चला:बीमार पति को पीठ पर लादकर चल रही पत्नी; मुजफ्फरनगर में बंकरों में हथियारों से लैस जवान तैनात

पश्चिमी यूपी की सड़कों पर कांवड़ियों की भीड़ बढ़ती जा रही है। कोई हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहा है, तो कोई जल लेने जा रहा है। इस बार कांवड़ यात्रा में भक्ति के साथ अलग-अलग रंग भी देखने को मिल रहे हैं। कहीं ‘आदि योगी’ थीम तो कहीं ‘कांतारा’ फिल्म की थीम पर कांवड़ लेकर भक्त चल रहे हैं। सहारनपुर में रजनी ने पति की याद में कांवड़ उठाई। उन्होंने कांवड़ पर पति की तस्वीर लगाई है। उन्होंने कहा- 2022 में पति निशु की मौत हो गई थी। हापुड़ डीएम कविता मीना और एसपी केजी सिंह ने कांवड़ियों पर हेलिकॉप्टर से फूल बरसाए। बरेली में मुस्लिमों ने कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। यहां कांवड़ियों के लिए प्रशासन ने कांवड़ विलेज बनवाया है। बरेली में कांवड़ यात्रा के रूट पर नॉनवेज बेचने के आरोप में पुलिस ने दो दुकानों पर छापा मारकर चार लोगों को पकड़ा। बुलडोजर से एक दुकान का टिन शेड और काउंटर उखाड़ फेंका। पुलिस के मुताबिक, दुकानदारों को पहले ही नॉनवेज न बेचने की चेतावनी दी गई थी। बुलंदशहर में एक मुस्लिम महिला अपने लिव-इन पार्टनर के साथ कांवड़ यात्रा पर निकली हैं। दोनों करीब 95 किमी चलकर ग्रेटर नोएडा में 11 अगस्त को जलाभिषेक करेंगे।अनूपशहर में 3 फीट के मुकुल 41 लीटर गंगाजल लेकर कांवड़ यात्रा पर निकले हैं। वहीं, हरिद्वार में गंगा में डूब रहे यूपी के कांवड़ियों को बचा लिया गया। मेरठ में एक महिला बीमार पति को पीठ पर लादकर चल रही है। वह हरिद्वार से गंगाजल लेकर मेरठ पहुंची हैं। उनके साथ दोनों बच्चे भी हैं। रीना ने बताया- बीमारी के कारण मेरे पति चल नहीं पाते। उनके ठीक होने की मन्नत लेकर पैदल कांवड़ यात्रा पर निकली हूं। मुझे भरोसा है कि भोलेनाथ मेरी अर्जी जरूर सुनेंगे। इधर, जैसे-जैसे शिवभक्त कांवड़ियों की संख्या बढ़ रही है, वैसे-वैसे सुरक्षा व्यवस्था भी सख्त की जा रही है। मुजफ्फरनगर में भीड़भाड़ वाले इलाकों में बंकर तैयार किए गए हैं। यहां बुलेटप्रूफ जैकेट पहने और ऑटोमेटिक हथियारों से लैस जवान तैनात हैं। ड्रोन से भी नजर रखी जा रही है। 10 तस्वीरों में देखिए कांवड़ यात्रा के रंग… यूपी में कांवड़े से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…