नेपाल-तिब्बत बॉर्डर पर बुधवार सुबह आई अचानक बाढ़ के बाद लाशें बहकर यूपी आ रही हैं। गुरुवार को महराजगंज और कुशीनगर में प्रशासन ने 3-3 लाशों को गंडक (नारायणी) नदी से बाहर निकाला गया। इनमें 2 महिलाएं हैं। किसी की पहचान नहीं हो पाई है। महराजगंज में SSB इंस्पेक्टर अरुण पांडेय ने बताया, अभी और शवों के आने की आशंका है। रेस्क्यू टीम लगातार मॉनिटरिंग कर रही है। कुशीनगर में नेपाल से नदी में काफी मलबा आया है। स्थानीय लोगों का दावा है कि उन्होंने नदी में कई बच्चों, महिलाओं और पुरुषों की लाशें बहते देखी हैं। जिले में हनुमान ठोकर के पास एक युवक ने 50 किलो वजनी मछली पकड़ी। हजारों क्विंटल लकड़ियां भी बहकर आई हैं। यूपी सरकार ने दोनों जिलों को हाईअलर्ट पर रखा है। ये जिले बिहार और नेपाल सीमा से सटे हैं। मुख्यमंत्री योगी भी हालात पर नजर बनाए हुए हैं। गोरखपुर का रहने वाला एक युवक नेपाल में लापता है। परिजन उससे संपर्क साधने का प्रयास कर रहे हैं। इधर, यूपी में गुरुवार सुबह से अब तक मुरादाबाद-सीतापुर समेत 61 जिलों में बारिश हुई। सबसे ज्यादा 131.6 मिमी बारिश महोबा में रिकॉर्ड हुई। महोबा में काली पहाड़ी गांव के पास इंजीनियर अंकित त्रिपाठी की कार पानी के तेज बहाव में बह गई। अंकित ने शोर मचाया तो आसपास के लोग दौग दौड़े। रस्सी की मदद से इंजीनियर को बचाया। 6 घंटे की बारिश से 200 से अधिक दुकानों में पानी घुस गया। बांदा में सड़कें तालाब बन गईं और घरों में 2-3 फीट तक पानी भर गया। लगातार हो रही बारिश से प्रदेश के 19 जिले बाढ़ की चपेट में हैं। बदायूं में गंगा और रामगंगा खतरे के निशान के ऊपर बह रही हैं। नदी में कटान की चपेट में आकर एक मकान गंगा में समा गया। अब तक कुल 25 मकान नदी में समा चुके हैं। झांसी में सुकवा-ढुकवा बांध ओवरफ्लो हो गया है, जहां नहा रहा ललितपुर का एक युवक पानी के तेज बहाव में बह गया। बाढ़-बारिश के चलते सुल्तानपुर, सीतापुर, ललितपुर, हरदोई और चित्रकूट में गुरुवार को स्कूल बंद रहे। मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए 49 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। चंदौली, मिर्जापुर और सोनभद्र में भारी बरसात की संभावना है। इन जिलों में बिजली भी गिर सकती है। बारिश और बाढ़ की तस्वीरें… लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- बंगाल की खाड़ी के पास बने कम दबाव के क्षेत्र और यूपी के ऊपर सक्रिय मानसूनी हवाओं के असर से अगले 24 घंटे में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। 2-3 दिन बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। आज किन जिलों में बारिश हो सकती है, देखिए यूपी में मौसम के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…