स्कूल का वीडियो बनाने वाले आप नेता को जेल:X पर बदहाली के फोटो पोस्ट किए, वाराणसी में प्रिंसिपल बोले- वो पुरानी बिल्डिंग थी

वाराणसी में आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता मुकेश सिंह को पुलिस ने गुरुवार दोपहर गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने पार्टी के ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान के तहत एक बंद पड़े सरकारी स्कूल का वीडियो ‘X’ पर पोस्ट किया था। आदमपुर पुलिस ने उन्हें संपर्क के दौरान कार्यकर्ताओं के बीच से हिरासत में लिया। दरअसल, मुकेश सिंह के खिलाफ भ्रामक जानकारी फैलाने के आरोप में केस दर्ज किया गया था। प्राथमिक विद्यालय कोनिया के प्रिंसिपल कमलेश दत्त पांडेय ने आदमपुर थाने में उनकी शिकायत की थी। उन्होंने कहा था कि स्कूल को दूसरे भवन में शिफ्ट किया गया है। क्योंकि, साल 2023 में स्कूल की छत गिर गई थी। पुलिस मुकेश सिंह को गिरफ्तार करने के बाद मेडिकल के लिए कबीरचौरा अस्पताल ले गई। इसके बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें 14 दिनों के लिए न्यायिक हिरासतम में जेल भेज दिया गया। मुकेश सिंह ने 21 अगस्त को X पर पोस्ट डाली
प्रिंसिपल कमलेश दत्त पांडेय ने बताया – मुकेश सिंह ने 21 अगस्त की सुबह 11 बजे अपने एक्स अकाउंट @MukeshSingh42 से एक 2 मिनट 10 सेकेंड का वीडियो पोस्ट किया। यह वीडियो प्राथमिक विद्यालय कोनिया पंचायत भवन, आदमपुर जोन नगर क्षेत्र के कैंपस से डाला गया। मुकेश सिंह की पोस्ट में बताया गया कि यह विद्यालय गरीब लोगों को शिक्षा से वंचित करने के लिए बंद कर दिया गया। अब बच्चों को पढ़ने के लिए काफी दूर जाना पड़ता है। प्रिंसिपल बोले- स्कूल बंद नहीं, जुलाई 2023 में शिफ्ट किया प्रिंसिपल से पुलिस को मिली जानकारी के मुताबिक, आदमपुर नगर क्षेत्र के इस कोनिया पंचायत भवन के प्राथमिक स्कूल को बंद नहीं किया गया। 3 जुलाई, 2023 को इस स्कूल की छत का एक बड़ा हिस्सा गिर गया था। 19 जुलाई, 2023 को खंड शिक्षा अधिकारी के निर्देश पर पास में ही मौजूद कोनिया सट्टी प्राथमिक विद्यालय में शिफ्ट कर दिया गया। इस विद्यालय में अभी 52 छात्र-छात्राएं रजिस्टर्ड हैं। उन्हें एक प्रधानाध्यापक, दो सहायक अध्यापक और एक शिक्षा मित्र पढ़ा रहे हैं। भवन का मामला कोर्ट में विचाराधीन
प्रधानाध्यापक ने यह भी बताया कि विद्यालय के भवन और जमीन के संबंध में एक मामला सिविल जज चतुर्थ (जूनियर डिवीजन) की अदालत में विचाराधीन है। विपक्षियों ने स्टे ले रखा है। इसलिए भवन का पुनः निर्माण नहीं कराया जा सकता है। ऐसे में यहां पढ़ाई बंद है। एक्स हैंडलर मुकेश सिंह ने इसे गलत तरीके से पोस्ट कर भ्रामक चीजें फैलाई हैं। आदमपुर थाना प्रभारी विमल मिश्रा ने बताया- प्रिंसिपल की शिकायत पर आम आदमी पार्टी के मुकेस सिंह मुकदमा दर्ज किया गया है। उनके साथ वीडियो में अन्य लोग भी दिखाई दे रहे हैं। सबकी जांच कर जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी। CJP फाउंडर ने 15 अगस्त को अभियान की शुरुआत की थी
अभिजीत दीपके ने 15 अगस्त को महाराष्ट्र के हिंगोली में अपने गांव से ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान की शुरुआत की थी। उन्होंने कहा था कि सरकार की अनदेखी की वजह से गरीब छात्रों को नुकसान हो रहा है। उन्होंने प्राइवेट स्कूलों की फीस पर सीमा लगाने की मांग की। उन्होंने कहा था कि ‘स्कूल ठीक करो अभियान’ के अगले चरण में वे महाराष्ट्र के अन्य इलाकों के सरकारी स्कूलों का दौरा करेंगे ताकि यह देख सकें कि छात्रों के लिए सुविधाएं उपलब्ध हैं या नहीं। बंगाल की घटना पर दीपके ने नाराजगी जताई। ——————— ये खबर भी पढ़ें… पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर अचानक बस रोकी, 3 की मौत:रक्षाबंधन मनाने जा रहे थे, ड्राइवर बाथरूम के लिए उतरा, ट्रक ने टक्कर मारी सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई। 20 अन्य घायल हो गए। इनमें से 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है। बस गुड़गांव से गोरखपुर के रास्ते बिहार जा रही थी। बस में 80 यात्री सवार थे। सभी रक्षाबंधन का त्योहार मनाने अपने-अपने घर जा रहे थे। पूरी खबर पढ़ें…