कानपुर में 18-साल की युवती 20 फीट गड्‌ढे में गिरी:भाई को राखी बांधने की तैयारी कर रही थी, 4 घंटे में 60 जवानों ने 12 फीट खोदा

कानपुर में शुक्रवार सुबह करीब 6:40 बजे भाई को राखी बांधने की तैयारी कर रही 18 साल की युवती 20 फीट गहरे गड्ढे में गिर गई। युवती थाल में पूजन सामग्री सजाकर घर से निकली थी। इसी दौरान आंगन की जमीन अचानक धंस गई और वह गड्ढे में गिर गई। युवती को बाहर निकालने के लिए सुबह 9 बजे से रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। गड्ढे के बगल में एक और गड्ढा खोदकर लड़की तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। दोपहर 1 बजे तक करीब 12 फीट तक खुदाई हो चुकी है। रेस्क्यू में NDRF, SDRF और फायर ब्रिगेड के करीब 60 जवान लगे हैं। परिजनों के अनुसार, करीब तीन साल पहले घर के अंदर बोरिंग कराई गई थी। वहां काम नहीं हुआ तो दूसरी जगह बोरिंग कराई गई। आशंका है कि उसी बोरिंग के कारण बारिश के बाद जमीन कमजोर हुई और धंस गई। मामला जिला मुख्यालय से करीब 35 किलोमीटर दूर महाराजपुर थाना क्षेत्र के पुरवामीर गांव का है। हादसे के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड की टीम को बुलाया गया। देखिए तस्वीरें… रेस्क्यू ऑपरेशन से जुड़ी अपडेट जानने के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए….