बच्चियों ने योगी को राखी बांधी, ऑटोग्राफ लिया:जेल में बहनों की लंबी लाइन, बसों में इतनी भीड़ कि खिड़की से एंट्री

लखनऊ में रक्षाबंधन पर बच्चियों ने सीएम योगी आदित्यनाथ को राखी बांधी। उनका ऑटोग्राफ लिया। राखी बंधवाने के बाद योगी ने सभी बच्चियों को चॉकलेट, शगुन के लिफाफे और तोहफे में एक-एक बैग दिया। इस दौरान उन्होंने बच्चों से बातचीत भी की। सीएम आवास आईं संस्कृति स्कूल की छात्रा श्रेयसी सिंह ने पूछा कि सोशल मीडिया के इस दौर में खुद को फोकस्ड कैसे रखें? इस पर योगी ने जवाब दिया- मेरे जैसा व्यक्ति मोबाइल का इस्तेमाल कम से कम करता है। बहुत जरूरी हुआ तो बमुश्किल आधा घंटा ही मोबाइल देखता हूं। मैं प्रदेश के सभी बच्चों से कहूंगा कि मोबाइल फोन पर अनावश्यक समय बर्बाद करने के बजाय किताबें पढ़ना शुरू करें।” इधर, रक्षाबंधन पर लखनऊ, मथुरा और अयोध्या समेत प्रदेश भर की जेलों के बाहर बहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। महिलाएं जेल में बंद अपने भाइयों को राखी बांधने पहुंचीं। लखनऊ जेल प्रशासन की ओर से बहनों के लिए कोल्ड ड्रिंक की व्यवस्था की गई। उधर, बाजारों में मिठाई और राखी की दुकानों पर खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ी हुई है। बसों और ट्रेनों में जबर्दस्त भीड़ के चलते यात्रियों को अंदर दाखिल होने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। हालत यह है कि लोग खिड़कियों के रास्ते बच्चों को अंदर बैठा रहे हैं। कई लोग खड़े-खड़े सफर करने को मजबूर हैं। वहीं, सावन के आखिरी दिन काशी में बाबा विश्वनाथ को मंगला आरती के बाद रक्षासूत्र (राखी) धारण कराया गया। शाम को बाबा विश्वनाथ सपरिवार झूले पर विराजमान होकर श्रद्धालुओं को दर्शन देंगे। रक्षाबंधन की तस्वीरें देखिए… रक्षाबंधन से जुड़े अपडेट के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए-