लखनऊ में तेज बारिश, गंगा एक्सप्रेस-वे पर पानी भरा:चंदौली में वाटरफॉल में फंसे तीन पर्यटक, रस्सी फेंककर बचाया; चित्रकूट में 2 दिन स्कूल बंद

यूपी में मानसूनी बारिश का सिलसिला जारी है। लखनऊ में सोमवार शाम 5 बजे काले बादलों की वजह से अंधेरा छा गया। इसके बाद जोरदार बारिश हुई। उन्नाव में बारिश के बाद गंगा एक्सप्रेस-वे के टोल प्लाजा के पास पानी भर गया। ट्यूबवेल पंप से पानी बाहर निकाला गया। उधर, बारिश के चलते प्रदेश की कई नदियां उफान पर हैं। चंदौली में चंद्रप्रभा नदी में अचानक बाढ़ आ गई। इससे राजदारी-देवदारी वाटरफॉल का जलस्तर बढ़ गया। तेज बहाव के बीच 3 पर्यटक फंस गए। तीनों एक ऊंचे पत्थर पर चढ़ गए। करीब 3 घंटे तक मदद की गुहार लगाते रहे। सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने रस्सी की मदद से तीनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। चित्रकूट में मंदाकिनी नदी का जलस्तर एक बार फिर बढ़ने लगा है। रामघाट पर सोमवार रात करीब 10:40 बजे पानी सीढ़ियों तक पहुंच गया। हालांकि, नदी अभी खतरे के निशान से नीचे बह रही है। इससे पहले दो दिनों तक नदी में उफान के बाद जलस्तर घटा था। इसके बाद घरों, दुकानों और सड़कों पर कीचड़ और मलबा जमा हो गया। गलियों में भी कीचड़ ही कीचड़ नजर आया। हालात को देखते हुए प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी है। कक्षा 8 तक के स्कूलों में दो दिनों की छुट्टी घोषित की गई है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश के 48 जिलों में बारिश हुई। सबसे ज्यादा 49.2 मिमी बारिश मुरादाबाद में रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने मंगलवार को प्रदेश के 63 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। बाढ़-बारिश की तस्वीरें देखिए… लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- यूपी में मानसून एक बार फिर पूरी तरह से सक्रिय होने जा रहा है। बंगाल की खाड़ी और उससे सटे इलाकों में बने कम दबाव के क्षेत्र के असर से पूर्वी यूपी में भारी बारिश के आसार बन रहे हैं। यह कम दबाव का क्षेत्र अगले दो दिनों में और मजबूत होकर ओडिशा और पश्चिम बंगाल की ओर बढ़ेगा, जिससे पश्चिमी यूपी में भी तेज बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है। कल कहां-कहां बारिश हो सकती है?
यूपी में मौसम के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…