IAS दिव्या मित्तल ने दिया इस्तीफा, निजी पारिवारिक कारण बताया:नियुक्ति एवं कार्मिक विभाग ने केंद्र को भेजने की कवायद शुरू की

भारतीय प्रशासनिक सेवा की 2013 बैच की आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने महज दो लाइन का इस्तीफा दिया है। उन्होंने त्यागपत्र में इस्तीफा देने की वजह निजी पारिवारिक कारण बताया है। दो लाइन के इस्तीफे से दिव्या मित्तल ने 13 साल की सेवा का अंत किया है। दिव्या मित्तल का इस्तीफा सोमवार को नियुक्ति एवं कार्मिक विभाग को मिल गया। विभाग की ओर से दिव्या मित्तल के खिलाफ विचाराधीन जांच या कोर्ट में लंबित मामलों की पड़ताल की गई। सूत्रों के मुताबिक उनके खिलाफ कोई विभागीय जांच या चार्जशीट लंबित नहीं है। उनके खिलाफ कोई मुकदमा भी लंबित नहीं है। अब नियुक्ति एवं कार्मिक विभाग इस्तीफा स्वीकृति का प्रस्ताव मुख्यमंत्री के समक्ष पेश करेगा, मुख्यमंत्री ही इस विभाग के मंत्री हैं। मुख्यमंत्री की सहमति से यह प्रस्ताव भारत सरकार के नियुक्ति एवं कार्मिक विभाग को भेजा जाएगा। विभाग की सहमति के बाद विभागीय मंत्री (प्रधानमंत्री) नरेंद्र मोदी की सहमति ली जाएगी। मोदी की सहमति के बाद इस्तीफा मंजूर करने के लिए राष्ट्रपति भवन भेजा जाएगा, राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद उनका इस्तीफा स्वीकार माना जाएगा। सोमवार को दफ्तर पहुंचीं दिव्या इस्तीफा देने के बाद दिव्या मित्तल सोमवार को दोपहर एनेक्सी स्थित अपने दफ्तर पहुंची। उनके दफ्तर पहुंचते ही उनके निजी स्टॉफ सहित राजस्व विभाग के कर्मचारी मायूस हो गए। कुछ कर्मचारियों अधिकारियों ने उनसे मुलाकात भी की। थोड़ी देर दफ्तर में बैठने के बाद दिव्या वापस लौट गईं।