आगरा में एक कॉलेज संचालक ने चोरी हुई अपनी लाइसेंसी राइफल के लिए ऐसा संकल्प लिया, जिसे सुनकर हर कोई हैरान है। चार साल पहले चोर उनके घर से लाखों रुपए के जेवर और लाइसेंसी राइफल चोरी कर ले गए थे। घटना के बाद लोगों ने उनका मजाक भी बनाया। इससे आहत होकर कॉलेज संचालक उदय सिंह ने संकल्प लिया कि जब तक उनकी राइफल वापस नहीं मिलेगी, तब तक वह बाल और दाढ़ी नहीं कटवाएंगे। इसके बाद उन्होंने अपना संकल्प निभाते हुए चार साल तक बाल और दाढ़ी नहीं कटवाए। मंगलवार को पुलिस ने उदय सिंह की चोरी हुई लाइसेंसी राइफल बरामद कर ली। राइफल मिलने की जानकारी पर उदय सिंह ने पुलिस का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि अब मैं बाल और दाढ़ी कटवाऊंगा। मामला आगरा के सैंया क्षेत्र का है। 2 तस्वीरें देखिए अब पढ़िए पूरा मामला सैंया के रहने वाले उदय सिंह पूर्व प्रधान हैं। उदय सिंह मां दुर्गा देवी हायर सेकेंडरी स्कूल भी चलाते हैं। साल 2022 में उनके घर चोरी हुई थी। चोर घर से 22 तोले सोना, 4 लाख रुपए नकद, चांदी के गहने और लाइसेंसी राइफल चोरी कर ले गए थे। राइफल बरामद कराने के लिए उदय सिंह रोज कॉलेज के बाद पुलिस के चक्कर लगाते रहे। चोरी के बाद लोगों ने उनका मजाक भी बनाया। गांव के लोग कहते थे कि घर में राइफल रखने के बाद भी चोरी हो गई। राइफल नहीं मिली तो उदय सिंह ने प्रण लिया कि जब तक राइफल बरामद नहीं होगी, वह अपने बाल और दाढ़ी नहीं कटवाएंगे। उन्होंने अपना प्रण निभाया और चार साल तक बाल-दाढ़ी नहीं कटवाई। बाल और दाढ़ी मुझे राइफल की याद दिलाते थे उदय सिंह ने बताया- मैंने ये राइफल 2003 में खरीदी थी। राइफल मुझे अपने बच्चों से प्यारी थी। राइफल के साथ ही सोता था। 9 मई 2022 को मेरी तबीयत खराब थी। मेरे पैर तेज दर्द था। इसलिए उस दिन मैं राइफल को साथ लेकर नहीं सोया था। राइफल दूसरे कमरे में रख दी। पत्नी रेखा देवी अंदर कमरे की कुंडी लगाना भूल गईं। उसी दिन मेरे घर पर चोरी हो गई। चोर लाइसेंसी राइफल के साथ चार लाख रुपए, 22 तोला सोने के जेवरात और ढाई किलोग्राम चांदी चोरी करके ले गए थे। मुझे नकदी और जेवरात चोरी होने का इतना दुख नहीं हुआ, जितना अपनी लाइसेंसी राइफल चोरी होने का था। पत्नी ने कहा- बाल नहीं कटवाओगे तो मैं नहीं रहूंगी उदय सिंह ने बताया- मेरी पत्नी मुझे छोड़कर मायके चली गई थी। उसने कहा था कि अगर बाल नहीं कटवाओगे तो मैं तुम्हारे साथ नहीं रहूंगी। काफी समझाने के बाद वह वापस घर लौट आई, लेकिन मैंने अपनी कसम नहीं तोड़ी। पिछले चार साल से मैं बढ़ी हुई दाढ़ी और लंबे बालों के साथ ही रह रहा था। परिवार के लोगों ने कई बार बाल कटवाने के लिए कहा, लेकिन मैं नहीं माना। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी रेखा देवी को इसी साल 1 जून को पैरालिसिस हो गया था। वह करीब एक महीने तक अस्पताल में भर्ती रहीं। इसके बाद उन्हें घर लाकर उनकी देखभाल की जा रही है। राइफल बरामद होने की खबर सुनकर उनकी पत्नी भी बेहद खुश हुईं। पत्नी की हालत में भी सुधार होने लगा है। राइफल मिलने की खबर के बाद वह एक ही दिन में अपने पैरों पर खड़े होकर चलने का प्रयास करने लगीं। अब मेरी राइफल मिल गई है। मैं अपना प्रण पूरा करूंगा और दाढ़ी-बाल कटवा लूंगा। 4 साल बाद पकड़ा गया आरोपी इधर, खेरागढ़ पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने फजीहतपुरा कट से 25 हजार रुपए के इनामी ध्रुव सिंह को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी की लाइसेंसी रायफल, 315 बोर के दो जिंदा कारतूस, 50 हजार रुपए और बाइक बरामद हुई। आरोपी पर कागारौल थाने में नकबजनी के तीन मुकदमे दर्ज हैं। डीसीपी वेस्ट आदित्य कुमार ने बताया- पहले उस पर 10 हजार रुपए का इनाम था, जिसे बढ़ाकर 25 हजार किया गया था। पूछताछ में उसने साथियों के साथ कई चोरी की वारदातें कबूल की हैं। पुलिस फरार बब्लू और अनिरुद्ध की तलाश कर रही है। —————————- यह खबर भी पढ़ें… प्रयागराज एयरफोर्स स्टेशन के पास पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, 11 की मौत, इनमें 8 बच्चे यूपी में सोमवार को प्रयागराज और कौशांबी बॉर्डर पर एक पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट हो गया। इस हादसे में 8 बच्चों समेत 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 झुलस गए। पुलिस के मुताबिक, विस्फोट इतना भीषण था कि पूरी फैक्ट्री जमींदोज हो गई। 100 मीटर के दायरे में बने 8 मकान क्षतिग्रस्त हो गए। इनमें से 3 ढह गए। हादसा सोमवार दोपहर साढ़े 12 बजे कौशांबी जिले के मोहम्मदपुर गांव में हुआ। यह गांव प्रयागराज बॉर्डर पर है। यहां से मनौरी स्थित एयरफोर्स स्टेशन 2 किमी है। पढ़ें पूरी खबर…