प्रेमी के लिए किन्नर से लड़की बनी, महीनों दर्द झेला:आगरा में बोली- जिस पर भरोसा किया वो 2 बच्चों का बाप निकला, 10 लाख ऐंठे

“प्रेमी ने कहा था कि सर्जरी करा लो, फिर हम शादी कर लेंगे। मैंने उस पर भरोसा किया। प्यार के लिए किन्नर से लड़की बनी, 3 सर्जरी कराईं। करीब 3 लाख रुपए सर्जरी में खर्च किए और महीनों तक दर्द सहा। मुझे लगा था कि अब हमारी शादी हो जाएगी, लेकिन सर्जरी के बाद प्रेमी मुकर गया। पता चला कि वह तो पहले से शादीशुदा है, उसके दो बच्चे हैं। डेढ़ साल तक उसने मुझसे यह बात छिपाए रखी। करीब 10 लाख रुपए भी ऐंठ लिए। आज मेरे पास न वो प्यार है, न शादी और न ही मेरे दिए पैसे। मैं ज्यादा पढ़ी-लिखी नहीं हूं, इसलिए पुलिस के चक्कर काटती रही। अब FIR दर्ज हुई है, तो उम्मीद है कि मुझे इंसाफ मिलेगा।” ये बातें आगरा में प्रेमी पर मुकदमा दर्ज कराने वाली 20 साल की किन्नर ने दैनिक भास्कर से बातचीत में कहीं। वह सर्जरी कराकर अब लड़की बन चुकी है। उसने बताया कि उसका जन्म आगरा के रामबाग में हुआ था। वह महज 2 साल की थी, तभी मां की मौत हो गई थी। जेंडर-अफर्मिंग सर्जरी को लेकर परिवार ने विरोध किया, तो उनसे भी नाता तोड़ना पड़ा। पढ़िए आपबीती… डेढ़ साल पहले मुलाकात, लड़के ने शादी का भरोसा दिया मैं लखनऊ में इवेंट में डांस करके गुजारा करती थी। डेढ़ साल पहले शास्त्रीपुरम के गायत्री मोड़ पर मेरी मुलाकात सिकंदरा के लखनपुर गांवमें रहने वाले त्रिवेंद्र से हुई थी। वह आगरा में जूते की फैक्ट्री में काम करता था। उससे मेरी मुलाकात एक साथी किन्नर ने कराई थी। मैं लखनऊ में अपनी नानी के घर रहती थी। त्रिवेंद्र का नानी के घर भी आना-जाना लगा था। वो मेरे रिश्तेदारों को भी जानता था। यही से शादी की बात शुरू हुई। उसने कई बार परिवार के सामने शादी करने का भरोसा दिया। त्रिवेंद्र से दोस्ती बढ़ी, तो मैं लखनऊ छोड़कर आगरा आ गई। फिर त्रिवेंद्र मुझे बहलाकर होटल ले जाता और रेप करता था। शादी के नाम पर प्रेमी ने 10 लाख रुपए भी ऐंठे त्रिवेंद्र ने मुझसे शादी के नाम पर करीब 10 लाख रुपए ऐंठे। 4 लाख रुपए उसको बुलेट बाइक के लिए दिए। दीपावली में डेढ़ लाख और रक्षाबंधन पर डेढ़ लाख रुपए दिए। इसके अलावा भी कई बार रुपए दिए। कुछ रकम मैंने नकद दी, जबकि कुछ पैसे UPI के जरिए भिजवाए। मेरा खुद का बैंक खाता नहीं है। इसलिए कई बार मैंने दूसरे लोगों से प्रेमी को पैसे ट्रांसफर कराए। मेरे पास कुछ लेन-देन की तस्वीरें और दूसरे सबूत भी हैं। पुलिस को ये उपलब्ध करा दिए हैं। मेरे पास त्रिवेंद्र के साथ होटल, रेस्टोरेंट और घूमने की फोटो भी हैं। शादी के लिए 3 लाख खर्च कर जेंडर बदलवाया जब मैंने त्रिवेंद्र से शादी की बात शुरू की, तो उसने जेंडर-अफर्मिंग सर्जरी कराने की बात कही। उसने भरोसा दिलाया कि इसके बाद हम दोनों शादी कर सकेंगे। अभी समाज और घर-परिवार स्वीकार नहीं करेगा। त्रिवेंद्र पर भरोसा करके जनवरी में कानपुर गई। वहां के अस्पताल में खुद ही करीब 3 लाख रुपए खर्च कर सर्जरी कराई। सर्जरी कैसे हुई, जानिए हार्मोन थेरेपी में जलन, घबराहट, उल्टी ब्रेस्ट दर्द हुआ 3 सर्जरी में महीनों तक दर्द सहा, खाने-पीने में परेशानी हुई सर्जरी के बाद लड़के के घर गई, पता चला वो शादीशुदा है सर्जरी के बाद जब वापस आगरा आई और शादी की बात की, तो त्रिवेंद्र का व्यवहार बदलने लगा। वह बातें टरकाने लगा। इसके बाद मैं उसके घर शादी की बात करने पहुंची। यहीं मुझे पता चला कि त्रिवेंद्र पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। त्रिवेंद्र ने करीब डेढ़ साल तक मुझसे अपनी शादी की बात छिपाकर रखी। उसके परिवार ने मुझे जान से मारने की धमकी दी। फिर मुझे अपनी सुरक्षा को लेकर डर सताने लगा। पढ़ी-लिखी नहीं हूं, इसलिए पुलिस टरकाती रही करीब 8 महीने पहले मैंने पुलिस से शिकायत शुरू की। आगरा में चौकी, सिकंदरा थाना, एडीसीपी सिटी और पुलिस कमिश्नर तक शिकायत की। कई बार त्रिवेंद्र को थाने लाया गया, लेकिन वह बेहोशी का बहाना बनाता। फिर वहां से चला जाता था। मैं पढ़ी-लिखी नहीं हूं। इसी वजह से मेरी सुनवाई नहीं हो रही थी। जब मीडिया में मामला आया, तब FIR दर्ज हुई। लखनऊ में डांस करती थी, अब राजस्थान में बधाई मांगती हूं अब मेरे परिवार और रिश्तेदारों ने भी दूरी बना ली है। प्रेमी भी धोखेबाज निकला। इसके बाद मैं किन्नर समुदाय के साथ रहने लगी। सर्जरी के बाद भी मेरा काम नहीं बदला। फिलहाल मैं राजस्थान में किन्नर समुदाय के साथ रहकर बधाई मांगती हूं। कभी-कभी काम के सिलसिले में आगरा भी आती हूं। पुलिस अब होटल और लेन-देन की जांच कर रही सिकंदरा थाना प्रभारी राजीव त्यागी ने बताया- लड़की के पास कई होटल की तस्वीरें हैं। वह पुलिस को उन होटलों के बारे में बता रही है। पुलिस इन जगहों की जांच कर रही है। लड़की ओर से दिए गए फोटो और पैसों के लेन-देन से जुड़े सबूतों की भी जांच की जा रही है। 2 सितंबर को मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। ————————— ये खबर भी पढ़िए- बहू ने कहा था-ससुर को मार दो, 6 लाख दूंगी, कानपुर में नौकर को गजरा देने के बहाने बुलाया 20 दिन पहले शालू भाभी ने मुझे बुलाया। कहा- मेरे ससुर विनीत मिनोचा की हत्या कर दो या एक्सीडेंट करा दो। बदले में 6 लाख रुपए दूंगी। मैंने मना किया तो बोलीं- डरो नहीं, मैं तुम्हारे साथ हूं। एक्सीडेंट के लिए तैयार नहीं था, तो उन्होंने कहा- सोते समय तकिए से मुंह दबा देना। लोगों को हार्टअटैक से मौत लगेगी। काम के बाद तुम्हें नौकरी पर रख लूंगी। पढ़ें पूरी खबर…