गंगा एक्सप्रेस-वे पर भाजपा विधायक के हादसे का VIDEO:120 की स्पीड में फॉर्च्यूनर का टायर फटा, 200 मीटर फिसलते हुए पोल से टकराई

बुलंदशहर में डिबाई सीट से भाजपा विधायक चंद्रपाल सिंह लोधी का शनिवार शाम एक्सीडेंट हो गया। विधायक सुबह 11 बजे लखनऊ से गाजियाबाद के लिए रवाना हुए थे। बारिश के दौरान गंगा एक्सप्रेस-वे पर उनकी फॉर्च्यूनर का अगला टायर अचानक फट गया। इससे कार बेकाबू हो गई और फिसलते हुए सड़क किनारे लगे पोल से टकराई। हादसे का CCTV सामने आया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के वक्त कार की स्पीड करीब 120 किमी प्रति घंटे रही होगी। ड्राइविंग सीट की तरफ का टायर धमाके के साथ फट गया। जिस जगह पर टायर फटा, वहां पानी भरा था। ड्राइवर कंट्रोल खो बैठा और कार तेजी से सड़क पर फिसलती हुई बाईं ओर घास वाले किनारे (डिवाइडर/ड्रेन) की तरफ चली गई। आगे जाकर वह पोल से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि पोल टूट गया और फॉर्च्यूनर का पिछला हिस्सा चकनाचूर हो गया। गनीमत रही कि हादसे के तुरंत बाद कार के चारों एयरबैग खुल गए। स्थानीय लोगों और पुलिस ने तुरंत घायलों को कार से बाहर निकाला। हादसे में 63 साल के विधायक बुरी तरह घायल हुए हैं। PRO अनूप सिंह और उनके गनर राजेश सिंह को भी चोटें आई हैं। ड्राइवर विनोद कुमार बाल-बाल बचा। घायलों को दिल्ली एम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। विधायक की हालत स्थिर बताई गई है। यह हादसा जिला मुख्यालय से 40 किमी दूर हापुड़ सीमा पर हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फॉर्च्यूनर को एक्सप्रेस-वे से हटवाया। एसपी सिटी अभिषेक प्रताप ने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी की हालत खतरे से बाहर है। हादसे से जुड़े 2 विजुअल देखिए PRO बोले- सामने आ गई थी दूसरी गाड़ी, CCTV में कुछ ऐसा नहीं दिखा विधायक चंद्रपाल सिंह डिबाई कोतवाली क्षेत्र में बदरपुर गांव के रहने वाले हैं। विधायक के PRO अनूप सिंह के मुताबिक, शनिवार शाम करीब 4 बजे बीबीनगर थाना क्षेत्र के गांव पोटा कबूलपुर के पास गंगा एक्सप्रेस-वे पर अचानक सामने एक कार आ गई। ड्राइवर विनोद कुमार ने टक्कर से बचाने के लिए अचानक ब्रेक लगाई। उस वक्त तेज बारिश हो रही थी। एक्सप्रेस-वे पर जलभराव के चलते फार्च्यूनर फिसलकर पोल से टकरा गई। हालांकि एक्सप्रेस-वे पर लगे CCTV में कोई दूसरी गाड़ी नजर नहीं आई। कार का टायर फट गया था। हादसा देखकर आसपास के लोग मौके पहुंचे। पुलिस को भी सूचना दी गई। विधायक चंद्रपाल सिंह लोधी, उनके गनर अमित और PRO अनूप सिंह व ड्राइवर विनोद को बाहर निकाला गया। विधायक चंद्रपाल सिंह लोधी को अधिक चोट लगी। गनर और PRO को मामूली चोट लगी। गनर अमित प्राइवेट गाड़ी से विधायक को हापुड़ के एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद हालत गंभीर देखते हुए विधायक को दिल्ली एम्स के लिए रेफर कर दिया। हादसे में विधायक की गाड़ी चकनाचूर, 2 तस्वीर देखिए… विधायक के घरवाले एम्स के लिए रवाना विधायक के परिजन उन्हें दिल्ली एम्स ले गए हैं। एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि सड़क हादसे में डिबाई विधायक चंद्रपाल सिंह लोधी घायल हुए हैं। दिल्ली एम्स में उन्हें इलाज के लिए ले जाया गया है। सुबह सीएम और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की थी मुलाकात विधायक चंद्रपाल सिंह ने शनिवार सुबह लखनऊ में सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की थी। इसके बाद वे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी से भी मिले थे। उनके साथ राज्य मंत्री कैलाश सिंह राजपूत, एटा के मारहरा से विधायक वीरेंद्र सिंह लोधी, कासगंज सदर से विधायक देवेंद्र सिंह राजपूत, अमांपुर से विधायक हरिओम वर्मा, स्याना से विधायक देवेंद्र सिंह लोधी और पीलीभीत के बरखेड़ा से विधायक स्वामी प्रवक्तानंद थे। पंकज चौधरी ने X पर तस्वीर पोस्ट की है। उन्होंने बताया कि विधायकों के साथ क्षेत्रीय विकास और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर सार्थक चर्चा हुई।
—————————– ये खबर भी पढ़ें- कानपुर कारोबारी हत्याकांड, मां ने कहा था- इनका कुछ करो:अय्याशी से परेशान बेटे ने हत्या कराई; अब करोड़ों का व्यापार कौन संभालेगा? करोड़पति परिवार। परिवार में कलह और अविश्वास। पिता-बेटे के बीच बढ़ती दूरी। यह कहानी कानपुर के करोड़पति दवा कारोबारी विनीत मिनोचा हत्याकांड से जुड़ी है। पुलिस की जांच में परिवार के भीतर लंबे समय से चल रही खींचतान की कई परतें सामने आई हैं। पढ़ें पूरी खबर