लखनऊ में गोमती नदी की बाढ़ बढ़ती जा रही है। आपदा प्रबंधन कार्यालय तक भी पानी पहुंच गया है। इकाना स्टेडियम तक पहुंचे पानी को हटाने के लिए 26 पंपिंग सेट लगाए गए हैं। पलासियो मॉल टापू बन गया है। आसपास की सड़कों पर पानी ही पानी है। IIIT कैंपस में इतना पानी भर गया है कि संस्थान को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है। परीक्षाएं टाल दी गई हैं। फैजुल्लागंज इलाके में हालात दिन-ब-दिन गंभीर होते जा रहे हैं। घरों का जितना सामान हो सका, उसे छतों पर लेकर लोग पिछले 10 दिन से बैठे हैं। प्रशासन का दावा है कि 40 से ज्यादा नाव चल रही हैं, लेकिन हालात ऐसे हैं कि 40 हजार से ज्यादा परिवारों की मदद के लिए ये नाव बेहद कम हैं। लोग अब जुगाड़ की नाव बनाकर मां-बाप को ढो रहे हैं। गुरुवार को यहां की सड़कों पर सामान्य ऊंचाई वाले व्यक्ति की गर्दन तक पानी पहुंच गया।