फांसी के लिए फेमस जज बोले- BSA को अरेस्ट करो:मुजफ्फरनगर में सीओ को आदेश दिया, समन मिलने पर भी नहीं पहुंचे थे अफसर

मुजफ्फरनगर कोर्ट ने जिले के BSA संदीप कुमार को गिरफ्तार करने के आदेश दिए हैं। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश रवि दिवाकर ने सीओ से कहा- आप बीएसए को गिरफ्तार कर 12 अक्टूबर को हर हाल में लाइए। दरअसल, ये पूरा मामला महिला के घर में घुसकर मारपीट से जुड़ा है। इसमें 2 आरोपियों की उम्र को लेकर विवाद था। बीएसए से कोर्ट ने कहा था कि दोनों आरोपियों की उम्र से जुड़े दस्तावेज लेकर पहुंचें, लेकिन उन्होंने इसे नजरअंदाज कर दिया। BSA की गिरफ्तारी का आदेश देने वाले जज रवि दिवाकर फांसी देने वाले जज के नाम से भी जाने जाते हैं। वह नवंबर, 2025 से मुजफ्फरनगर में अब तक 23 को मौत की सजा के साथ ही करियर में 36 दोषियों को मृत्युदंड सुना चुके हैं। 6 साल पहले महिला पर जानलेवा हमला हुआ था मामला साल 2020 का है। नई मंडी थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले में रहने वाली महिला के घर में कुछ लोग जबरन घुस गए थे। आरोप है कि उन्होंने महिला के साथ मारपीट की और जानलेवा हमला करते हुए उसकी हत्या का प्रयास किया था। घटना के बाद पीड़ित महिला की ओर से मुजफ्फरनगर के नई मंडी थाने में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। इस मुकदमे में मोनू, कृष्णपाल, सत्यम और बंटू समेत कुल 6 आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की गई थी। दो आरोपियों की उम्र को लेकर उठा सवाल मुकदमे की न्यायिक प्रक्रिया आगे बढ़ी तो इसमें नया मोड़ आ गया। सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता कुलदीप कुमार के अनुसार, 6 आरोपियों में से दो के परिजनों की ओर से कोर्ट में दावा किया गया कि घटना के समय दोनों आरोपी नाबालिग थे। इस दावे के बाद कोर्ट के सामने दोनों आरोपियों की वास्तविक उम्र तय करने का सवाल खड़ा हो गया। यह तय करना जरूरी हो गया कि घटना के समय दोनों आरोपी नाबालिग थे या नहीं। इसी सिलसिले में गवाही और जरूरी दस्तावेज पेश करने के लिए कोर्ट ने बीएसए संदीप कुमार को तलब किया था। समन जारी होने के बाद भी कोर्ट नहीं पहुंचे BSA आरोपियों की उम्र से जुड़े मामले में BSA संदीप कुमार के बयान दर्ज होने थे। कोर्ट के आदेश के मुताबिक, उन्हें व्यक्तिगत रूप से 18 सितंबर 2026 को समन की तामील कराई जा चुकी थी। इसके बावजूद वह गुरुवार को कोर्ट नहीं पहुंचे। न्यायाधीश रवि कुमार दिवाकर ने सीओ सिटी सिद्धार्थ कुमार मिश्रा को आदेश देते हुए BSA संदीप कुमार के खिलाफ गैर जमानती वारमट जारी किया। साथ ही कहा कि उन्हें गिरफ्तार कर 12 अक्टूबर तक कोर्ट में पेश करें। ——————– यह खबर भी पढ़ें… ब्यूटीशियन पत्नी ने प्रेमी संग पति को मारा:हार्ट अटैक बताकर दफनाया; मेरठ में 10 दिन बाद कब्र से निकाला शव मेरठ में ब्यूटीशियन पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी थी। इसके बाद परिवार को फोन कर उसकी मौत हार्ट अटैक से होने की बात बताई। परिवार ने सामान्य मौत मानकर शव दफना दिया था। लेकिन 5 अक्टूबर को मृतक का मोबाइल मिलने के बाद परिजन को पत्नी पर शक हुआ। परिजनों ने सख्ती से पूछताछ की तो पत्नी ने हत्या की बात कबूल कर ली। पढ़ें पूरी खबर…