UP के 30 जिलों में बारिश का अलर्ट:लखनऊ में बाढ़, गोंडा के 8 गांव जलमग्न; लखीमपुर में 13 घर नदी में समाए

यूपी में आज 30 जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में लखनऊ से लेकर गोंडा और लखीमपुर खीरी तक नदियों के बढ़ते जलस्तर और कटान ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। लखनऊ में गोमती नदी का जलस्तर लगातार 11वें दिन बढ़ने से कई रिहायशी इलाकों और प्रमुख सड़कों पर पानी भर गया है। कई मंदिरों में भी बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है। हालात को देखते हुए रिवर फ्रंट को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है। गोंडा में घाघरा नदी उफान पर है। आठ गांवों में बाढ़ का पानी घुसने से सात हजार से अधिक लोग प्रभावित बताए जा रहे हैं। लखीमपुर खीरी में शारदा नदी के कटान से अब तक 13 घर और चार मंदिर नदी में समा चुके हैं। लगातार बारिश, नदियों के बढ़ते जलस्तर और कटान के कारण ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों के सामने घर, सुरक्षित ठिकाने और रोजमर्रा की जरूरतों को लेकर संकट खड़ा हो गया है। लखनऊ में बाढ़ की तस्वीरें देखिए… लखनऊ में गोमती का जलस्तर लगातार 11वें दिन बढ़ा
राजधानी लखनऊ में गोमती नदी का बढ़ता जलस्तर चिंता का विषय बना हुआ है। नदी का पानी आसपास के निचले इलाकों में फैलने से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। शहर के कई VIP इलाकों की सड़कें पानी में डूब गई हैं। प्रमुख मार्गों पर जलभराव होने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नदी के किनारे स्थित निचले इलाकों में स्थिति और गंभीर बनी हुई है। फैजुल्लागंज की गलियों में पानी भरने से स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ गई है। कई जगहों पर पानी लोगों के गले तक पहुंचने की स्थिति बताई जा रही है। ऐसे हालात में घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। बाढ़ के कारण प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचने, खाद्य सामग्री जुटाने और दैनिक जरूरतें पूरी करने में दिक्कतें आ रही हैं। लेटे हनुमान और हनुमंत धाम में घुसा पानी, रिवर फ्रंट बंद
गोमती नदी में लगातार बढ़ते पानी का असर धार्मिक स्थलों और पर्यटन से जुड़े क्षेत्रों पर भी दिखाई देने लगा है। लखनऊ के लेटे हनुमान मंदिर और हनुमंत धाम समेत कई मंदिरों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है। इससे श्रद्धालुओं की आवाजाही और पूजा-पाठ प्रभावित होने की आशंका है। 10 और 11 अक्टूबर को बारिश के आसार
बाढ़ की स्थिति के बीच मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के 30 जिलों में मौसम बदलने की संभावना जताई है। इन क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बादल छाए रह सकते हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 10 और 11 अक्टूबर को प्रदेश के कई इलाकों में बारिश होने के आसार हैं। बारिश के कारण तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। हालांकि, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बारिश की स्थिति और उसका प्रभाव स्थानीय परिस्थितियों पर निर्भर करेगा। यदि नदियों के जलग्रहण क्षेत्रों में बारिश होती है, तो जलस्तर और कटान की स्थिति पर भी असर पड़ सकता है। अक्टूबर के अंत से बढ़ेगी ठंड
मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार, अक्टूबर के अंत और नवंबर में तापमान में तेजी से बदलाव देखने को मिल सकता है। इसके साथ ही प्रदेश के कई इलाकों में ठंड का असर बढ़ने की संभावना है। सुबह के समय धुंध और कुछ क्षेत्रों में कोहरा भी दिखाई दे सकता है।