नैनीताल में वीकेंड पर गर्लफ्रेंड के साथ बर्थडे मनाने आए यूपी और हरियाणा के पर्यटकों ने जमकर उत्पात मचाया। वे अपनी थार जीप में बेहद तेज आवाज में आपत्तिजनक गाने बजा रहे थे। जब वहां से गुजर रही महिलाओं और स्थानीय लोगों ने इस पर आपत्ति दर्ज कराई, तो नशे में धुत पर्यटक उन पर भड़क गए और बहस करने लगे। इसके बाद वे बीच सड़क पर केक काटकर शराब पीने लगे और अश्लील हरकतें करने लगे। परेशान होकर ग्रामीणों और एक स्थानीय वकील ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों का मेडिकल टेस्ट कराया, जिसमें शराब पीने की पुष्टि हुई। पुलिस ने ड्राइवर के खिलाफ ड्रिंक एंड ड्राइव का मामला दर्ज कर थार जीप को सीज कर दिया। वहीं, अन्य चार पर्यटकों का 81 पुलिस एक्ट में चालान किया गया। आरोपियों के लिखित में माफी मांगने और भविष्य में दोबारा ऐसी गलती न दोहराने की शर्त पर चालान काटकर उन्हें छोड़ दिया गया, जबकि थार गाड़ी को जब्त रखा गया है। थार जीप मुजफ्फरनगर की बताई जा रही है। गाड़ी पर पुलिस का स्टिकर भी लगा हुआ था। 5 पॉइंट में पूरी खबर… 1. शनिवार रात (लगभग 12:00 बजे)- स्टर्लिंग भवाली मार्ग पर थार खड़ी कर हुड़दंग- नैनीताल-भवाली मार्ग पर स्टर्लिंग रिसॉर्ट के पास यूपी और हरियाणा से आए 5 पर्यटक अपनी थार जीप (UP 12 BX 0950) को बीच सड़क पर खड़ी कर महिला मित्र अस्मिता राय का जन्मदिन मना रहे थे। थार जीप मुजफ्फरनगर की बताई जा रही है। गाड़ी पर पुलिस का स्टिकर भी लगा हुआ था। पर्यटकों ने गाड़ी में बेहद तेज आवाज में अश्लील गाने बजा रखे थे, बीच सड़क पर केक काट रहे थे और शराब पीकर हुड़दंग मचा रहे थे। 2. वीडियो बनाकर पुलिस को सूचना- सड़क से गुजर रही महिलाओं और स्थानीय निवासियों ने जब तेज म्यूजिक और सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने का विरोध किया, तो नशे में धुत आरोपी उनसे भिड़ गए और अश्लील बातें करने लगे। पास में ही रहने वाले एक एडवोकेट (वकील) ने युवकों के हुड़दंग का वीडियो बना लिया और तुरंत भवाली व नैनीताल पुलिस को मामले की सूचना दी। 3. पुलिस की मौके पर कार्रवाई, ड्राइवर पर ड्रिंक एंड ड्राइव और थार सीज- सूचना पर पहुंची पुलिस पांचों पर्यटकों को अस्पताल ले गई, जहां कराए गए मेडिकल टेस्ट में उनके शराब पीने की पुष्टि हुई। थार चला रहे ड्राइवर सचिन बाल्यान के खिलाफ ‘ड्रिंक एंड ड्राइव’ का केस दर्ज करते हुए वाहन को मौके से सीज कर दिया गया। 4. आरोपियों की पहचान और पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई- पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान देहरादून निवासी सचिन बाल्यान (24), मुजफ्फरनगर के अक्षी बाल्यान (28) और अंकित कुमार (30), हरियाणा के अमन (26) और आंबेडकरनगर की अस्मिता राय (24) के रूप में हुई है। सचिन बाल्यान थार चला रहा था। उसके खिलाफ ड्रिंक एंड ड्राइव के तहत केस दर्ज किया गया है। कोतवाली प्रभारी हरपाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने सचिन के अलावा अन्य चारों पर्यटकों (अक्षी, अंकित, अस्मिता और अमन) के खिलाफ सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग मचाने पर ’81 पुलिस एक्ट’ के तहत चालानी कार्रवाई की। 5. लिखित माफीनामे के बाद रिहाई- सभी आरोपियों के पुलिस के सामने लिखित में माफीनामा देने और भविष्य में दोबारा ऐसी गलती न करने का शपथ-पत्र देने के बाद चालान कर उन्हें रिहा किया गया, जबकि थार जीप को पुलिस कस्टडी में सीज रखा गया है।