यूपी के 3 जिले बाढ़ की चपेट में हैं। 4 नदियां उफान पर हैं। लखनऊ के फैजुल्लागंज में 40 हजार से ज्यादा घर बाढ़ के पानी से घिरे हुए हैं। 3 लाख से ज्यादा की आबादी प्रभावित है। गली-मोहल्लों में नाव चल रही है। लोग घर छोड़कर दूसरी जगहों पर रह रहे हैं। इधर, शहर में डेंगू का प्रकोप बढ़ने लगा है। पिछले 24 घंटे में 34 केस सामने आए हैं। सर्दी, जुकाम और बुखार के लक्षणों के साथ मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं। जांच में डेंगू की पुष्टि हो रही है। लोहिया, केजीएमयू, बलरामपुर अस्पतालों में मरीज भर्ती हो रहे हैं। सीतापुर में शारदा-बनबसा बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद 20 से ज्यादा गांव पानी से घिर गए हैं। रास्ते जलमग्न हैं। सरकारी स्कूलों में 4-5 फीट पानी भरा है। गोंडा में घाघरा का जलस्तर एक बार फिर बढ़ने लगा है। किनारों पर फिर से कटान तेज हो गया है।