कन्नौज में भाजपा के पूर्व सांसद सुब्रत पाठक की एस्कॉर्ट में चल रही स्कॉर्पियो डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में एक हेड कॉन्स्टेबल की मौत हो गई। एक सिपाही और ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हैं। हादसा आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस और एक्सप्रेस-वे की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को गाड़ी से निकालकर अस्पताल ले जाया गया। जहां घायल सिपाही और ड्राइवर का इलाज किया जा रहा है। पुलिस ने क्रेन से स्कॉर्पियो को हटवाकर किनारे कराया। पूर्व सांसद सुब्रत पाठक इटावा से कन्नौज जा रहे थे। 3 तस्वीरें देखिए तेज स्पीड में डिवाइडर से टकराई स्कॉर्पियो माना जा रहा है कि हादसे के वक्त सुब्रत पाठक के काफिले की स्कॉर्पियो की स्पीड 110 किमी से भी ज्यादा थी। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर माइलस्टोन-145 के पास ड्राइवर ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद गाड़ी डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो के एयरबैग भी नहीं खुले। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। सुब्रत पाठक की गाड़ी से 100 मीटर दूर हुआ हादसा हादसे के समय पूर्व सांसद सुब्रत पाठक की कार दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो से करीब 100 मीटर आगे चल रही थी। हादसे का पता चलते ही सुब्रत पाठक रुक गए। डायल-112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को हादसे की सूचना दी। इसके बाद सुब्रत पाठक और अन्य लोगों ने बड़ी मुश्किल से गाड़ी में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला। फिर हेड कॉन्स्टेबल अभिषेक त्रिपाठी (50), सिपाही कुंवरपाल (51) और ड्राइवर शरद प्रकाश (32) को अपनी गाड़ी से तिर्वा स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज ले गए। वहां डॉक्टरों ने अभिषेक त्रिपाठी को मृत घोषित कर दिया। अभिषेक फतेहपुर के रहने वाले थे। वहीं, एटा के रहने वाले सिपाही कुंवरपाल और औरैया निवासी ड्राइवर शरद प्रकाश गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों को गंभीर हालत में कानपुर रेफर किया गया है। एसपी विनोद कुमार भी पुलिस फोर्स के साथ मेडिकल कॉलेज पहुंचे। पूर्व सांसद बोले- स्कॉर्पियो का टायर फटने से हादसा हुआ सुब्रत पाठक के काफिले में 2 गाड़ियां थीं। उनकी गाड़ी आगे चल रही थी। जबकि पीछे चल रही स्कॉर्पियो में उनकी सुरक्षा में तैनात हेड कॉन्स्टेबल अभिषेक त्रिपाठी, कॉन्स्टेबल कुंवरपाल और ड्राइवर शरद प्रकाश सवार थे। पूर्व सांसद सुब्रत पाठक ने दैनिक भास्कर को फोन पर बताया कि स्कॉर्पियो उनकी ही है, जिसमें उनके सुरक्षाकर्मी साथ चलते थे। टायर फटने से स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे के समय हेड कॉन्स्टेबल अभिषेक त्रिपाठी ड्राइवर के बगल वाली सीट पर बैठे थे, जबकि कॉन्स्टेबल कुंवरपाल पीछे की सीट पर थे। 2019 में सुब्रत पाठक के पिता-चाचा की भी हादसे में मौत हुई थी सुब्रत पाठक के परिवार की गाड़ी 2019 में भी आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर हादसे का शिकार हो गई थी। उस हादसे में उनके पिता और चाचा की मौत हो गई थी। 3 फरवरी, 2019 को सुब्रत पाठक के पिता ओमप्रकाश पाठक और चाचा महेश चंद्र परिवार के तीन अन्य सदस्यों अशोक कुमार, आभा तिवारी और जयशंकर तिवारी के साथ दिल्ली से घर लौट रहे थे। इसी दौरान कन्नौज में माइलस्टोन- 192 पर घने कोहरे से उनकी एसयूवी सड़क किनारे खड़े डंपर के पिछले हिस्से से टकरा गई थी। इसके बाद पीछे से आ रही एक बस ने भी एसयूवी को टक्कर मार दी थी। हादसे में ओमप्रकाश पाठक और महेश चंद्र की मौत हो गईथी। अशोक कुमार, आभा तिवारी और जयशंकर तिवारी घायल हो गए थे। सुब्रत पाठक ने डिंपल को हराया, अखिलेश से चुनाव हारे सुब्रत पाठक साल- 2019 के लोकसभा चुनाव में कन्नौज से डिंपल यादव के खिलाफ चुनाव लड़कर चर्चा में आए थे। उन्होंने डिंपल को चुनाव में 12,353 वोट से हरा दिया था। फिर अगले लोकसभा चुनाव में (साल-2024) कन्नौज से सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने खुद चुनाव लड़ा था। तब अखिलेश ने सुब्रत पाठक को 1.70 लाख वोटों के बड़े अंतर से हराया था। ——————————– यह खबर भी पढ़ें:- लखनऊ में होटल के 10वें-फ्लोर से गिरी युवती शादीशुदा थी, तलाक का केस चल रहा, दो भाई विदेश में लखनऊ के होटल सेलेस्टियल मैन्योर की 10वीं मंजिल से 24 साल की लड़की की गिरकर मौत हो गई। वह एक लड़के के साथ रुकी थी। उसके गिरने के बाद लड़का भाग गया। घटना सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में सोमवार शाम 6 बजे हुई। दोनों ने होटल में दोपहर 12 बजे चेक-इन किया था। लड़की की पहचान समरीन के रूप में हुई है। वह लखनऊ की ही रहने वाली थी। लड़का अवनीश जायसवाल उर्फ देव सुल्तानपुर का रहने वाला है। समरीन एक होटल में काम करती थी और शादीशुदा थी। उसका पति से तलाक का केस चल रहा है। इसे लेकर सोमवार को उसकी पेशी थी, लेकिन वह नहीं गई। वह सुबह 11 बजे बहन हबीबा के लिए कपड़े लेने की बात कहकर घर से निकली थी। पूरी खबर पढ़ें…