सहारनपुर में रविवार तड़के 4 बजे थार कार डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में तीन दोस्तों की मौत हो गई। जबकि 2 घायल हैं। सभी पांच दोस्त आगरा से मसूरी घूमने के लिए जा रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि थार का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने बताया कि हादसे में साहिल, राहुल और सक्षम की मौत हो गई। जबकि सचिन वर्मा और हेमंत वर्मा गंभीर घायल हो गए। हादसा नागल थाना क्षेत्र में बेलड़ा गोल चक्कर के पास हुआ। पहले तस्वीरें देखिए अब विस्तार से पूरा मामला पढ़िए घायल दोस्त बोला -आंख खुली तो खुद को सड़क पर पाया हादसे में घायल सचिन वर्मा ने बताया- पांचों दोस्त शनिवार रात करीब 9 बजे आगरा से निकले थे। कार हेमंत चला रहा था। हादसे के समय मैं सो रहा था। पता नहीं कार अचानक कैसे अनियंत्रित हुई और डिवाइडर से टकरा गई। जब मेरी आंख खुली तो खुद को सड़क पर पड़ा पाया। बाद में पता चला कि जीप का एक्सीडेंट हो गया। दोनों का सहारनपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अब प्रत्यक्षदर्शियों की जुबानी पूरी घटना जानिए हादसे के बाद थार के शीशे टूटकर सड़क पर बिखरे प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया- रविवार तड़के करीब 4 बजे थार गाड़ी स्पीड में बेलड़ा गोल चक्कर के पास से गुजर रही थी तभी जोर से धमाके की आवाज सुनाई पड़ी। जाकर देखा तो थार गाड़ी डिवाइडर से टकराकर पलटी हुई थी। उसके शीशे टूटकर सड़क पर बिखरे हुए थे। फौरन पुलिस को सूचना दी गई। शीशे तोड़कर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला सूचना मिलते ही एम्बुलेंस के साथ पुलिस पहुंची। गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह से डैमेज हो चुका था। सड़क पर शीशे बिखरे पड़े थे। शीशे तोड़कर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। थार में सवार दो युवक पुल के नीचे गिरे हुए थे। सभी को फौरन एम्बुलेंस से जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने बताया कि साहिल (25), राहुल कुमार (25) और सक्षम उपाध्याय (22) की मौत हो गई है। जबकि सचिन वर्मा और हेमंत वर्मा गंभीर घायल हैं। साहिल आगरा के शांतिनगर, सक्षम उपाध्याय, कमना नगर और राहुल कुमार (25) तेहड़ी बगिया का रहने वाला था। पुलिस बोलीं- हादसे के कारणों की कराएंगे जांच एसपी ट्रैफिक शैलेंद्र श्रीवास्तव ने बताया- थाना नागल क्षेत्र में थार गाड़ी के एक्सीडेंट की सूचना मिली थी। जिसके बाद पुलिस फौरन मौके पर पहुंची। हादसे में राहुल, सक्षम और साहिल तिवारी की मौत हुई है। वहीं, हेमंत वर्मा और सचिन वर्मा गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों घायलों का सीटी स्कैन कराया जा रहा है। दोनों घायल अभी बातचीत करने की स्थिति में नहीं हैं। शुरुआती जानकारी में हादसे की वजह तेज रफ्तार सामने आई है। हालांकि, कार किस वजह से अनियंत्रित हुई, इसकी सही जानकारी जांच के बाद ही सामने आएगी।