मॉडल श्रद्धा दुबे के घर रायबरेली पहुंची पुलिस:सौतेली मां और पिता से पूछताछ; 3 अफसर हटाए गए; 10 दिन से चकमा दे रही

लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा की हत्या के 10 दिन बाद भी मुख्य आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे का पुलिस पता नहीं लगा सकी है। सोमवार को पुलिस की एक टीम मॉडल श्रद्धा के रायबरेली स्थित घर पहुंची। आधे घंटे तक श्रद्धा के पिता एसपी दुबे और सौतेली मां से पूछताछ की। उधर, पुलिस से आंखमिचौली के बीच श्रद्धा ने रविवार को एक न्यूज एजेंसी को इंटरव्यू दिया। श्रद्धा का इंटरव्यू सामने आने के बाद 3 पुलिस अफसरों पर कार्रवाई की गई। रविवार देर रात हजरतगंज थाने के कोतवाल विक्रम सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया। डीसीपी सेंट्रल विक्रांत वीर को हटाकर पुलिस हेड ऑफिस अटैच कर दिया गया। उनकी जगह डीसीपी ट्रैफिक अर्पित विजयवर्गीय को भेजा गया। सोमवार को एसीपी हजरतगंज रजनीश वर्मा को भी हटाकर क्राइम ब्रांच भेज दिया गया। 9 अक्टूबर को करोड़पति कारोबारी शिवा शर्मा की हजरतगंज स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से संदिग्ध परिस्थितियों में गिरकर मौत हो गई थी। तभी से श्रद्धा फरार है। दावा है कि वह लखनऊ से सीतापुर होते हुए बहराइच के रास्ते नेपाल पहुंच गई थी। श्रद्धा ने लखनऊ कोर्ट में सरेंडर के लिए अर्जी भी दाखिल की है। उसके कथित सफेदपोश और नौकरशाह मददगारों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है।