काशी के दिशासूचकों पर नवरात्र की शुभकामनाओं का कब्जा:रास्ता भटक रहे राहगीर; दुकानदार बोले- बार-बार हमसे रास्ता पूछकर आगे जाते हैं लोग

बनारस में नवरात्र की धूम सड़कों और गलियों से निकलकर दिशा सूचकों तक पहुंच गई है। शहर में कई जगह दिशा सूचकों पर अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेताओं ने नवरात्र की शुभकामनाओं वाले होर्डिंग लगा दिए हैं। फुलवरिया से नदेसर जाने वाले मार्ग से लेकर मलदहिया, सिगरा और लहुराबीर चौराहे तक ऐसे होर्डिंग दिखाई दे रहे हैं। इनकी वजह से दिशा सूचकों पर लिखी रास्तों की जानकारी ढक गई है। ऐसे में राहगीरों को रास्ता ढूंढने में परेशानी हो रही है। लोगों का कहना है कि शुभकामनाओं के होर्डिंग लगाने के बजाय दिशा सूचकों पर रास्तों की जानकारी स्पष्ट दिखाई देनी चाहिए। देखे तस्वीरें… रास्ता भटकने के बाद पता चलता है गलत दिशा में जा रहे राहगीरों के मुताबिक, कई बार दिशा सूचक पर रास्तों की जानकारी दिखाई नहीं दे रही हैं ऐसे में वे गलत रास्ते पर चले जाते हैं। काफी दूर जाने के बाद जब किसी से रास्ता पूछते हैं, तब पता चलता है कि वे गलत दिशा में आ गए हैं। इससे उनका समय बर्बाद होता है और बेवजह की परेशानी उठानी पड़ती है। दुकानदार बोले- बार-बार रास्ता पूछते हैं लोग सड़क किनारे दुकानदारों ने बताया कि दिशा सूचकों पर होर्डिंग लगे होने के कारण राहगीर उनसे रास्ता पूछने पहुंचते हैं। एक-दो दुकानदारों का कहना है कि लोग बार-बार रास्ता पूछकर आगे जाते हैं, जिससे दुकान के काम में भी बाधा आती है। उनका कहना है कि यदि दिशा सूचकों पर रास्तों की जानकारी दिखाई दे, तो लोगों को भटकना नहीं पड़ेगा और दुकानदारों को बार-बार रास्ता बताने की जरूरत भी नहीं होगी। शुभकामनाएं अपनी जगह, रास्ता दिखाना भी जरूरी नवरात्र के दौरान राजनीतिक दलों के नेता होर्डिंग के जरिए लोगों को शुभकामनाएं दे रहे हैं। हालांकि, राहगीरों का कहना है कि दिशा सूचक का उद्देश्य लोगों को सही रास्ता बताना है। जब इन्हीं पर लगे होर्डिंग रास्तों की जानकारी ढक देंगे, तो लोगों को परेशानी होगी। उनका कहना है कि शुभकामनाओं के लिए दूसरी जगहों का इस्तेमाल किया जाए, ताकि दिशा सूचकों पर रास्तों की जानकारी साफ दिखाई देती रहे।