यूपी में आज दशहरा मनाया जा रहा है। सबसे पहले वाराणसी के मलदहिया चौराहे पर 45 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल भगवान श्रीराम के स्वरूप को कंधे पर उठाकर लाए। श्रीराम के अग्निबाण चलाते ही रावण धू-धू कर जलने लगा। वहीं, वाराणसी के BLW में पूर्वांचल के सबसे बड़े रावण के पुतले का दहन किया गया। इस साल यहां रावण का पुतला 70 फीट ऊंचा बनाया गया था। प्रयागराज में जुलूस के दौरान डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद से नाराज राम, लक्ष्मण, सीता और हनुमान की भूमिका निभा रहे कलाकार धरने पर बैठ गए। वहीं, इस बार लखनऊ में हाईटेक रावण की चर्चा है। उसका पुतला खुद चलकर मैदान में आएगा, हाथ-पैर हिलाएगा और तलवार भी लहराएगा। कानपुर में यूपी का सबसे ऊंचा 90 फीट का रावण जलेगा, जबकि काशी में कॉकरोच रूपी रावण का पुतल दहन होगा। दूसरी ओर, कानपुर में शिवाला स्थित दशानन मंदिर में सुबह रावण की पूजा-अर्चना की गई। लोगों ने दशानन के जयकारे लगाए। यहां दशहरे पर रावण की पूजा की जाती है।