सपा MLC के रोने के बाद दोबारा वोटिंग की सिफारिश:आगरा डीएम ने 3 बूथ की वोटिंग कैंसिल करने के लिए चुनाव आयोग को लिखा

आगरा में विधान परिषद (MLC) चुनाव में 3 बूथ पर हुई वोटिंग कैंसिल होना तय है। डीएम ने 3 बूथ पर दोबारा वोटिंग की सिफारिश की है। प्रस्ताव तैयार कर अंतिम फैसले के लिए चुनाव आयोग को भेज दिया है। इन 3 बूथ में खेरागढ़- बूथ नंबर 20, सैंया-बूथ नंबर 21 और फतेहाबाद- बूथ नंबर 26 है। शुक्रवार को हुए मतदान के दौरान यहां सपा प्रत्याशी और मौजूदा MLC डॉ. आकाश अग्रवाल ने भाजपा पर बूथ कैप्चरिंग का आरोप लगाया था। वोटिंग में गड़बड़ी की शिकायत पर एक्शन न होने की बात कहते हुए फूट-फूटकर रो पड़े थे। कहा था- “ऐसा लग रहा है कि मैं पाकिस्तान से आया कोई आतंकवादी हूं। मुझे प्रताड़ित किया जा रहा है। मैं ऐसे सनातन में नहीं रहना चाहता। इस्लाम कबूल कर लूंगा।” सपा ने भी खेरागढ़ और फतेहाबाद में फर्जी मतदान के आरोप लगाए थे। यूपी में शुक्रवार को शिक्षक कोटे की 11 MLC सीटों के लिए वोटिंग हुई थी। इसमें 25 जिलों में हंगामा हुआ था।