यूपी में गुरुवार को करवा चौथ मनाया गया। पति की लंबी उम्र की कामना के साथ महिलाओं ने दिनभर निर्जला व्रत रखा। शाम को पूजा-पाठ कर चंद्रमा को अर्घ्य दिया। अर्नब तूफान के असर से यूपी में बादल छाए रहे। प्रतापगढ़, फर्रुखाबाद और हरदोई को छोड़कर कहीं भी चांद के दीदार नहीं हुए। प्रतापगढ़ में रात 9:47 बजे महज 10 सेकंड के लिए चांद दिखा, फिर बादलों में ओझल हो गया। हरदोई में भी 9:30 बजे चांद थोड़ी देर के लिए नजर आया। लखनऊ में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने पत्नी के साथ करवा चौथ की पूजा की। गोरखपुर के सांसद रवि किशन ने भी पत्नी प्रीति शुक्ला के साथ ब्रजेश पाठक के आवास पर करवा चौथ मनाया। रवि किशन ने कहा, हमने इस बार पानी-कॉफी पीकर व्रत रखा है। अगली बार पत्नी के साथ निर्जला व्रत रखूंगा। वृंदावन में एक महिला ने बांके बिहारी को पति मानकर करवा चौथ का व्रत रखा। हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की पत्नी सीमा ने भी करवा चौथ का व्रत रखा। अंकित की 26 अगस्त की शाम शामली में हत्या कर दी गई थी। मेरठ की जिला जेल में बंद मुस्कान रस्तोगी और रविता भी करवा चौथ का व्रत रखा।