आजम को ED ने गाजियाबाद कोर्ट में पेश किया:100 पुलिसवाले सुरक्षा में तैनात; रातभर दिल्ली ऑफिस में रखा, पूछताछ की

सपा नेता आजम खान को ईडी की टीम ने रविवार को गाजियाबाद की विशेष PMLA कोर्ट में पेश किया। ईडी की 5 गाड़ियां सुबह 10.30 बजे आजम को लेकर कोर्ट परिसर में दाखिल हुईं। टीम के साथ पैरा मिलिट्री और पुलिस के 100 जवान भी हैं। अर्टिगा कार से जब आजम कोर्ट परिसर पहुंचे तो वे काफी शांत दिखे। सिर्फ लोगों की तरफ देखते रहे। कार की खिड़की का शीशा खोला तो मीडिया ने पूछा- कुछ बोलेंगे नहीं। इस पर आजम ने जवाब दिया- क्या रह गया है बोलने को। फिर विंडो बंद कर ली। मनी लॉन्ड्रिंग केस में ईडी ने आजम को शनिवार शाम को रामपुर जेल से बाहर आते ही गिरफ्तार किया था और सीधे दिल्ली ले गई थी। जौहर विश्वविद्यालय के निर्माण में सरकारी पैसे का गलत इस्तेमाल मामले में ईडी मुख्यालय में उसने लंबी पूछताछ की गई। करीब 50 से ज्यादा सवाल किए गए। आजम, बेटे अब्दुल्ला के साथ 11 महीने बाद शनिवार शाम सवा 7 बजे रामपुर जेल से बाहर आए थे। 29 अक्टूबर को हाईकोर्ट से 2 पैन कार्ड मामले में आजम की 10 साल की सजा सस्पेंड होने के बाद उनकी रिहाई का रास्ता साफ हुआ था। रामपुर जेल के बाहर से आजम की गिरफ्तारी का VIDEO देखिए-