कुशीनगर में ट्रेलर और मारुति ईको वैन की आमने टक्कर हो गई। वैन सवार पिता-पुत्र समेत 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 1 गंभीर घायल हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए। उसमें सवार 8 लोग अंदर ही फंस गए। धमाके जैसी आवाज हुई। ट्रेलर का केबिल टूटकर मुड़ गया। सड़क पर वैन के पार्ट्स बिखर गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने गैस कटर से ईको के गेट काटकर फंसे लोगों को निकाला। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। हादसा जिला मुख्यालय से करीब 46 किमी दूर हाटा कोतवाली क्षेत्र में सोमवार रात करीब 11:30 बजे हुआ। मृतकों में रामबिलास (65), उनके बड़े बेटे कन्हैया प्रसाद (40), छोटे बेटे राम मिलन (35), पोते आयुष (12), मृदुल मिश्रा (37), रंजय गुप्ता (35) और मिथलेश गुप्ता (22) शामिल हैं। अब सिलसिलेवार तरीके से पूरा मामला समझ लीजिए- जानकारी के मुताबिक, कप्तानगंज थाना क्षेत्र के भलूही गांव के रहने रहने वाले 8 लोग एक रिश्तेदार के तिलक समारोह में शामिल होने देवराज पिपरा गए थे। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वे रात को घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी वैन सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर से वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। ट्रेलर टक्कर के बाद सड़क किनारे उतर गया। हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा कि मृतक कन्हैया प्रसाद ग्राम पंचायत भलूही के प्रधान थे, जबकि जान गंवाने वाले रंजय सेना में जवान थे। आर्यन (17) की हालत गंभीर बनी हुई है। खबर लगातार अपडेट की जा रही है….