‘थप्पड़ मुझे नहीं, सवर्ण समाज को मारा’:केशव से UGC का सवाल पूछने वाले बोले- उनके लोगों ने गलत किया, डरेंगे नहीं

‘UGC का हम विरोध कर रहे हैं। केशव प्रसाद मौर्य के सामने भी विरोध किया, लेकिन उनके लोगों ने थप्पड़ मारा। यह गलत है। हमारे समाज के खिलाफ जो भी काम करेगा, उसका विरोध होगा। सत्ता का दबाव नहीं सहेंगे।’ यह कहना है UGC का मुद्दा उठाने वाले रोहित तिवारी का। रोहित तिवारी और अंकित पांडेय ने कहा कि सवर्ण समाज के सम्मेलन में मुख्य अतिथि बने केशव मौर्य को समाज के हितों और UGC पर भी अपनी राय रखनी चाहिए थी, लेकिन वे राजनीति कर रहे थे, इसीलिए मुझे अपनी बात रखनी पड़ी। दैनिक भास्कर से बातचीत में दोनों ने कहा- समाज के मुद्दे उठाने पर उन्हें चुप कराने की कोशिश की गई। दोनों ने UGC का विरोध जारी रखने की बात कही। पढ़िए पूरी बातचीत…. पहले पढ़िए युवाओं ने क्या कहा…. रोहित बोले- डिप्टी सीएम UGC के पक्ष में हैं या विरोध में, यह बताएं कोरांव के रहने वाले रोहित तिवारी पेशे से वकील हैं। वह ब्राह्मण सवर्ण रक्षक संगठन से भी जुड़े हैं। रोहित ने कहा- UGC आने के बाद से ही हम इसका विरोध कर रहे हैं। यहां केशव प्रसाद मौर्य आए तो उनके सामने भी विरोध किया, लेकिन उनके लोगों ने हमारे साथ मारपीट की। यह गलत है। अगर यहां कोई और मंत्री भी आते, तब भी हम उनका विरोध करते। हमारे समाज के खिलाफ जो भी काम करेगा, समाज उसका विरोध करेगा। मैं केशव जी से जानना चाहता था कि UGC पर उनकी क्या राय है। वे इसके पक्ष में हैं या विरोध में, यह बताएं। अगर डिप्टी सीएम खुद ही UGC पर बोलते तो मुझे उनसे सवाल करने की जरूरत ही नहीं पड़ती। वे भाजपा, सपा और कांग्रेस की बातें कर रहे थे, इसलिए मुझे अपनी बात रखनी पड़ी। ब्राह्मणों का कार्यक्रम था, इसलिए बहिष्कार नहीं किया रोहित ने बताया- हम कार्यक्रम का बहिष्कार भी कर सकते थे, लेकिन ब्राह्मणों का कार्यक्रम था, इसलिए ऐसा नहीं किया। रोहित ने थप्पड़ मारने की घटना पर कहा- वे केशव जी के नुमाइंदे हैं। उन्हें उनका खास बनना है और उनसे कुछ पाना है। उन्होंने सिर्फ मुझे थप्पड़ नहीं मारा, बल्कि पूरे समाज को थप्पड़ मारा है। वे भी ब्राह्मण हैं, लेकिन उन्हें समाज से कोई मतलब नहीं है। उन्हें अपने पैसे और फायदे से मतलब है। जहां से फायदा मिलेगा, वे वहीं खड़े होंगे। उन्होंने कहा- मेरे ऊपर कोई दबाव नहीं है और न ही मैं किसी का दबाव मानने वाला हूं। जब तक अंतिम सांस है, समाज की लड़ाई लड़ता रहूंगा। मैं समाज के लिए लड़ रहा हूं और आज पूरा भारतवर्ष का सवर्ण समाज मेरे समर्थन में खड़ा है। अंकित बोले- मुख्य अतिथि बने थे तो सवर्ण समाज के हित में भी बोलते कोरांव के ही रहने वाले अंकित पांडेय ने कहा- मैं समाज सेवा करता हूं। जहां भी आम जनता के साथ गलत व्यवहार होता है, उसके खिलाफ खड़ा होता हूं। मैं सवर्ण समाज के लिए जी रहा हूं। जरूरत पड़ी तो समाज के लिए मरने को भी तैयार हूं। सवर्ण समाज के सम्मेलन में केशव प्रसाद मौर्य को मुख्य अतिथि बनाया गया था, ऐसे में उन्हें समाज के हित में भी कुछ बातें रखनी चाहिए थीं। वे बता रहे थे कि भाजपा ने क्या किया और कितने समय से सत्ता में है, लेकिन सवर्ण समाज के मुद्दों पर कुछ नहीं बोल रहे थे। काफी देर तक समाज के हित में कोई बात नहीं हुई तो हमने सवाल उठाया। हमने डिप्टी सीएम से कहा कि सवर्ण समाज के लिए भी कुछ बोलिए। UGC को लेकर आपकी क्या राय है, यह भी स्पष्ट कीजिए। सवाल उठाने पर रोहित को थप्पड़ मारा गया अंकित ने आरोप लगाया कि केशव मौर्य के जवाब देने से पहले ही प्रशासन और भाजपा कार्यकर्ताओं ने हमारे साथ अभद्र व्यवहार किया। भाजपा के पार्षद विनय मिश्रा ने रोहित भाई को थप्पड़ मारा। यह अपमान हम बर्दाश्त नहीं करेंगे। हमारी लड़ाई आगे भी जारी रहेगी। अंकित ने कहा- केशव जी ने UGC पर कोई जवाब नहीं दिया। उन्होंने सिर्फ चुप रहने को कहा। हमें लगा कि वे हमें वहां से हटाना चाहते हैं। इसके बाद हमारे साथ वही हुआ। शासन-प्रशासन या सत्ता का दबाव हम नहीं सहेंगे। हम पूरी टीम के साथ वहां पहुंचे थे। हमारी टीम में करीब 40% लोग कोरांव विधानसभा क्षेत्र से थे। बाकी 60% लोग दूसरे क्षेत्रों से आए थे। इसके बावजूद हमारे साथ ऐसा व्यवहार किया गया। बोले- लड़ाई को निर्णायक स्तर तक ले जाएंगे रोहित तिवारी के साथ संकटमोचन त्रिपाठी ने कहा- रोहित तिवारी पर उठने वाला हाथ सिर्फ उनका व्यक्तिगत अपमान नहीं है। यह अंकित पांडेय, संकटमोचन त्रिपाठी और सवर्ण समाज का अपमान है। उन्होंने प्रयागराज की धरती से संकल्प लेते हुए कहा कि इस लड़ाई को निर्णायक स्तर तक ले जाएंगे। विनय मिश्रा की हैसियत भी समाज को जवाब देनी होगी। उन्होंने कहा कि केशव मौर्य की ईंट से ईंट बजाने का काम करेंगे। अब जानिए हुआ क्या था…. परेड ग्राउंड में रविवार को राष्ट्रीय परशुराम सेना (ब्रह्म वाहिनी) की ओर से प्रबुद्ध ब्राह्मण सम्मेलन आयोजित किया गया था। इसमें डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। वे सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान दो युवकों रोहित तिवारी और अंकित पांडेय ने हाथ उठाकर उनसे UGC पर अपनी राय स्पष्ट करने को कहा। युवकों ने पूछा कि केशव मौर्य UGC के पक्ष में हैं या विरोध में। इस पर केशव मौर्य ने उन्हें चुप रहने और बैठने के लिए कहा। उन्होंने कहा- चुप रहो, चलो। मैं सब कुछ बोलूंगा। मैं कोई चीज बोलने से कभी नहीं रुकता हूं। इसके बाद वहां हंगामा हो गया। पुलिस दोनों युवकों को पकड़कर सभास्थल से बाहर ले जाने लगी। इसी दौरान भाजपा पार्षद विनय मिश्रा ने रोहित तिवारी को थप्पड़ मार दिया। पुलिस दोनों युवकों को बाहर ले गई। सोमवार को घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आया। ————————— यह खबर भी पढ़ें… ब्राह्मण सम्मेलन में हंगामा, केशव को बोलने से टोका:कहा- UGC पर बोलिए, डिप्टी सीएम का जवाब- चुप रहो; पार्षद ने युवक को थप्पड़ मारा प्रयागराज में प्रबुद्ध ब्राह्मण सम्मेलन में डिप्टी सीएम केशव मौर्य के भाषण के दौरान हंगामा हो गया। केशव सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे, तभी दो युवकों ने हाथ उठाकर कहा- केशवजी, UGC पर भी कुछ कहिए। पढ़ें पूरी खबर…