यूपी के 20 जिलों में भीषण कोहरा, पारा 13°C पहुंचा:लखीमपुर में 8 मीटर दूर देखना मुश्किल; 2 दिन बाद और बढ़ेगी ठिठुरन

यूपी में धीरे-धीरे ठंड बढ़ रही है। शुक्रवार सुबह लखनऊ, वाराणसी, कानपुर, कुशीनगर और बलिया समेत 20 शहरों में कोहरा छाया रहा। लखीमपुर में विजिबिलिटी इतनी कम रही कि 8 मीटर दूर तक देखना मुश्किल हो गया। ठंड के साथ प्रदूषण भी बढ़ रहा है। प्रदेश के 5 शहरों की हवा बेहद खराब है। गाजियाबाद सबसे प्रदूषित शहर रहा। यहां AQI 338 रिकॉर्ड किया गया। मेरठ में 328, शामली और नोएडा में 311, जबकि बुलंदशहर में AQI 304 दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे में हरदोई 13°C तापमान के साथ सबसे ठंडा शहर रहा। दिन का पारा भी 32°C से नीचे आ गया है। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हुआ है। इसके चलते पहाड़ों से तेज ठंडी हवाएं आएंगी। इससे अगले दो दिनों में दिन और रात के तापमान में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट आ सकती है। अगले 6 दिनों तक बारिश की कोई संभावना नहीं है। मौसम की तस्वीरें- यूपी के बड़े शहरों का हाल जानिए गाजियाबाद में ध्वस्तीकरण पर रोक, नोएडा में हाइब्रिड मोड पर चलेंगे स्कूल प्रदूषण के चलते गाजियाबाद के DM रविंद्र कुमार ने 20 नवंबर तक निर्माण और ध्वस्तीकरण के काम पर रोक लगा दी है। वहीं, नोएडा-ग्रेटर नोएडा में 5वीं तक के स्कूल हाइब्रिड मोड पर चलाने के आदेश दिए गए हैं। यानी बच्चों को स्कूल जाकर पढ़ने के साथ ऑनलाइन क्लास का विकल्प भी मिलेगा।
एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) क्या है? ये हवा की क्वालिटी को बताने वाला एक स्कोर है, जो यह समझने में मदद करता है कि हमारे आसपास की हवा साफ है या प्रदूषित। AQI में हवा में मौजूद प्रदूषकों का स्तर मापा जाता है। AQI जितना बढ़ता है, हवा उतनी ही ज्यादा खतरनाक मानी जाती है और हेल्थ रिस्क भी उतना ही बढ़ जाता है। नीचे दिए ग्राफिक से इसे समझिए- खराब AQI हमारी सेहत को कैसे प्रभावित करता है? जब AQI खराब होता है तो हवा में मौजूद PM2.5, PM10, नाइट्रोजन डाइऑक्साइड, सल्फर डाइऑक्साइड और ओजोन जैसे प्रदूषक हमारे फेफड़ों में गहराई तक पहुंच जाते हैं। ये कण खून के जरिए पूरे शरीर में फैलते हैं। तुरंत से लेकर लंबे समय तक कई तरह की हेल्थ प्रॉब्लम्स पैदा कर सकते हैं। लगातार एक्सपोजर फेफड़ों की क्षमता कम करता है और क्रॉनिक बीमारियों का खतरा बढ़ा देता है। इसे नीचे दिए ग्राफिक से समझिए- ————————