योगी-पंकज ने 209 भाजपा प्रत्याशियों की सूची को फर्जी बताया:राजा भैया बोले- रामकथा का 2027 चुनाव से लेना-देना नहीं

यूपी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए भाजपा के 209 प्रत्याशियों की कथित सूची तैयार होने की खबरों को पार्टी ने खारिज किया है। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और सीएम योगी ने संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि ऐसी कोई सूची न बनाई गई है और न ही केंद्रीय नेतृत्व को भेजी गई है। प्रतापगढ़ में कुंडा से विधायक राजा भैया के यहां 17 नवंबर से बाबा बागेश्वर रामकथा करेंगे। इससे पहले राजा भैया ने कहा- श्रीराम कथा का विरोध करने वाले लोग संविधान की बात तो करते हैं, लेकिन अनुच्छेद 25 और 26 नहीं पढ़ते। मेरे यहां दशकों से रामकथा का आयोजन हो रहा है। इसका 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव से कोई लेना-देना नहीं है। अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने उरई में कहा कि उनकी पार्टी यूपी की सभी 403 विधानसभा सीटों पर पूरी तैयारी है। हालांकि, अनुप्रिया पटेल ने यह भी कहा कि अपना दल अभी एनडीए गठबंधन का हिस्सा है। वहीं, सपा प्रमुख अखिलेश यादव के खिलाफ आगरा में पोस्टर लगाए गए हैं। इन पर अखिलेश के साथ आजम खान की भी तस्वीर लगी है। लिखा है- बाबा साहब का अपमान, दलितों पर अत्याचार। यही है सपा का असली चरित्र। पोस्टर लगने की जानकारी मिलने पर सपा कार्यकर्ताओं ने यूनीपोल पर चढ़कर इन्हें फाड़ दिया।