आजम खान 365 दिन बाद जेल से बाहर आ गए। फिर भी वो चुनाव नहीं लड़ सकेंगे। पहली बार वो अपनी बहू सिदरा अदीब के लिए चुनाव प्रचार करते दिख सकते हैं। दरअसल, सपा के टिकट पर उनकी बहू की सियासी लॉन्चिंग लगभग तय मानी जा रही है। सीट होगी- रामपुर की सदर या स्वार। दोनों ही आजम परिवार का गढ़ मानी जाती हैं। आजम की बहू अचानक ही सियासत में नहीं आ रही हैं। पहले भी 5 बार वह कोशिश कर चुकी हैं। लेकिन, कभी सियासी तो कभी पारिवारिक कारणों से उनकी एंट्री नहीं हो सकी। अब जबकि आजम खान और छोटे बेटे अब्दुल्ला चुनाव नहीं लड़ सकते। ऐसे में साफ हो गया है कि बहू सिदरा अदीब परिवार के लिए 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रचार नहीं करेंगी, बल्कि खुद चेहरा बनकर उभर सकती हैं। 2022 विधानसभा चुनाव से 2024 लोकसभा चुनाव के बीच पांच मौकों पर सिदरा अदीब खान के चुनाव लड़ने की चर्चा तेज हुई। हर बार उनका नाम आगे आया, लेकिन आजम खान की रजामंदी नहीं मिलने से वे हर बार पीछे हटती रहीं। लेकिन, इस बार समीकरण अलग हैं। पहले जानिए, उन्होंने चुनाव लड़ने की कोशिश कब-कब की। 1. 2022 विधानसभा चुनाव नवंबर, 2021 से ही चर्चा थी कि सिदरा रामपुर सदर सीट से चुनाव लड़ सकती हैं। उन्होंने खुद मीडिया से कहा था- अगर मेरे ससुर आजम खान कहेंगे, तो मुझे चुनाव लड़ने में कोई गुरेज नहीं है। लेकिन, बाद में आजम खान ने जेल में रहते हुए खुद रामपुर सदर से चुनाव लड़ने का फैसला किया। इससे सिदरा की दावेदारी खत्म हो गई। 2. रामपुर लोकसभा उपचुनाव आजम खान के विधायक बनने के बाद रामपुर लोकसभा सीट खाली हुई थी। जून- 2022 में उपचुनाव के दौरान सिदरा का नाम फिर चर्चा में आया। लेकिन, आजम खान ने परिवार के किसी सदस्य को टिकट दिलाने के बजाय अपने करीबी आसिम राजा को उम्मीदवार बनाया। हालांकि, आसिम हार गए थे। 3. रामपुर सदर विधानसभा उपचुनाव हेट स्पीच मामले में तीन साल की सजा मिलने के बाद आजम की विधायकी चली गई थी। इसके बाद दिसंबर, 2022 में रामपुर सदर सीट पर उपचुनाव हुआ। इस बार फिर सिदरा चुनाव लड़ने के लिए आगे आईं, लेकिन आजम ने आसिम राजा को टिकट दिलाया। हालांकि, फिर आसिम हार गए। 4. स्वार विधानसभा उपचुनाव मार्च, 2023 में अब्दुल्ला आजम की विधायकी रद्द होने के बाद स्वार सीट से सिदरा को चुनाव लड़ाने की चर्चा शुरू हुई। ये मामला अखिलेश तक पहुंचा था, लेकिन फिर एक बार परिवार के सदस्य रजामंद नहीं हुए। तब सपा ने अनुराधा चौहान को टिकट दे दिया था। अनुराधा चौहान भी चुनाव हार गई थीं। 5. लोकसभा चुनाव 2024 चर्चा शुरू हुई कि आजम की बड़ी बहू सांसद के चुनाव का चेहरा होंगी। रामपुर सीट से टिकट देने की तैयारी थी। लेकिन, सूत्रों के मुताबिक आजम खान और सपा नेतृत्व के बीच टिकट को लेकर सहमति नहीं बन पाई। आखिर में पार्टी ने मोहिबुल्लाह नदवी को अपना उम्मीदवार बनाया। सिदरा इन विधानसभा सीटों से चुनाव लड़ सकती हैं… रामपुर में 5 विधानसभा सीटें हैं। इनमें 3 सीटें- रामपुर सदर, स्वार और चमरौआ पर आजम परिवार की मजबूत पकड़ रहती है। अगर सिदरा अदीब को चुनाव लड़ना है, तो इन्हीं सीटों पर दांव लगाना होगा। हालांकि, रामपुर सदर सीट दिसंबर, 2022 के उपचुनाव में खिसक चुकी है, तब भाजपा के आकाश सक्सेना जीते थे। इससे पहले आजम खान खुद 10 बार इसी सीट से विधायक रहे। 2019 के उपचुनाव में उनकी पत्नी डॉ. तजीन फातिमा भी यहीं से विधायक बनीं। अब्दुल्ला की पारंपरिक सीट है स्वार स्वार विधानसभा सीट आजम खान के छोटे बेटे अब्दुल्ला की पारंपरिक सीट रही है। अब्दुल्ला ने 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में बड़े अंतर से जीत दर्ज की थी। विधायकी जाने के बाद मई, 2023 के उपचुनाव में NDA की सहयोगी अपना दल (एस) के शफीक अहमद अंसारी ने ये सीट जीत ली। चमरौआ से आजम परिवार आज तक नहीं लड़ा चमरौआ सीट से आजम परिवार का कोई सदस्य चुनाव नहीं लड़ा। लेकिन, आजम खान के प्रभाव की वजह से सीट पर सपा के विधायक नसीर अहमद खान हैं। ‘बहू को आजम के नाम पर वोट मिलेगा’ वरिष्ठ पत्रकार सिद्धार्थ कलहंस कहते हैं- सपा 2022 के उपचुनाव में रामपुर सीट हार गई थी। इस बार किसी भी कीमत पर इसे पाना चाहेगी। अगर सिदरा अदीब, अब्दुल्ला आजम या डॉ. तजीन फातिमा में से कोई भी चुनाव लड़ता है, तो उसे आजम के नाम पर वोट मिलेगा। पार्टी कार्यकर्ता भी यही मानेंगे कि चुनाव आजम खान ही लड़ रहे हैं। इसका असर सिर्फ रामपुर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि बरेली, मुरादाबाद, अमरोहा और पीलीभीत में भी देखने को मिलेगा। इन जिलों में मुस्लिम मतदाताओं की अच्छी-खासी आबादी है। सिद्धार्थ कलहंस का कहना है कि आजम परिवार के किसी सदस्य के चुनाव लड़ने से सपा और आजम खान के बीच नाराजगी की जो चर्चाएं चलती रही हैं। उन पर भी विराम लग सकता है। मुस्लिम मतदाताओं के बीच ये संदेश जाएगा कि आजम खान का परिवार पार्टी के साथ है। —————————– भास्कर सर्वे में हिस्सा लें आपका विधायक काम करता है या नहीं, सर्वे में बताइए… आपके विधायक को क्या दोबारा टिकट मिलना चाहिए? कुछ काम कराया या सिर्फ बातें की, 30 सेकंड में बनाएं रिपोर्ट कार्ड…सर्वे में हिस्सा लेने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें…