बक्सर में गुरुवार की देर शाम तेज रफ्तार कार ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार 20 फीट हवा में उछलकर पेड़ से टकरा गई। इसमें 6 लोगों की मौत हो गई है। हादसा राजपुर थाना क्षेत्र में सोनपा गांव के पास का है। बताया जा रहा है कि कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक सवार एक व्यक्ति की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई है। मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के गहमर थाना क्षेत्र के भतउरा गांव निवासी इरफान अंसारी (25), अरबाज अंसारी (20) और बादल कुमार (30) के रूप में हुई है। तीनों कार में सवार थे। बाइक सवार की पहचान अरुण कुमार (22) के रूप में हुई है। हादसे में गंभीर रूप से घायल दो बाइक सवारों को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया था, लेकिन बनारस पहुंचने से पहले ही दोनों की मौत हो गई। इसमें शुभम कुमार (21) और शिवम कुमार (18) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, कार सवार उत्तर प्रदेश के भौतौरा गांव से बारात लेकर बिहार के रामगढ़ थाना क्षेत्र के बिशनपुर गांव जा रहे थे। इसी दौरान NH-319A पर सोनपा गांव के पास कार ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। बाइक सवार एक रिश्तेदार के घर से निकलकर करीब 50 मीटर ही आगे निकले थे, तभी यह हादसा हुआ। हादसे की तस्वीरें देखिए… टक्कर के बाद हवा में उछली कार प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार करीब 20 फीट हवा में उछल गई। इसके बाद सड़क किनारे करीब 10 फीट पानी भरे गड्ढे को पार करते हुए पेड़ से टकराई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। 100 किमी की रफ्तार से दौड़ रही थी कार प्रत्यक्षदर्शी रविरंजन सिंह ने बताया कि कार की स्पीड़ करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक थी। तेज रफ्तार के कारण चालक बाइक को देखकर भी संभल नहीं सका और पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। तीन कार सवार-तीन बाइक सवार की मौत स्थानीय लोगों ने हादसे के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया। राजपुर थानाध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि तीन लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान एक बाइक सवार ने दम तोड़ दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल दो बाइक सवारों को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया था। हालांकि, बनारस पहुंचने से पहले ही दुर्गावती के पास दोनों की मौत हो गई। हादसे में मरने वालों में तीन कार सवार और तीन बाइक सवार शामिल हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। यूपी से शादी में बिहार आए थे 5 युवक उत्तर प्रदेश के गहमर थाना क्षेत्र के भतौरा (भतउरा) गांव के पांच युवक कार से बिहार आ रहे थे। उन्हें कैमूर जिले के रामगढ़ स्थित विशुनपुरा गांव में एक बारात में शामिल होना था। इसी दौरान सोनपा गांव के तीन युवक एक बाइक से मुख्य सड़क पर निकले। तभी कार ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर कई बार पलटी और पेड़ से जा टकराई।