योगी की मां का निधन, CM अंतिम-दर्शन के लिए जाएंगे:जब सूचना आई तब भाषण दे रहे थे, कल ऋषिकेश में होगा अंतिम संस्कार

सीएम योगी की मां सावित्री देवी का निधन हो गया। वे 91 साल की थीं। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल के पंचूर गांव में अंतिम सांस ली। उस वक्त घर में योगी के भाई महेंद्र और उनका परिवार मौजूद था। वह लंबे समय से अस्वस्थ थीं। उनका कल यानी शनिवार को ऋषिकेश के संपूर्णानंद घाट पर अंतिम संस्कार किया जाएगा। सीएम योगी आज शाम 4 बजे मां के अंतिम दर्शन के लिए पैतृक गांव पहुंचेंगे। योगी की मां के निधन की खबर जिस वक्त आई, तब वे गोरखपुर में भाषण दे रहे थे। भाषण खत्म होने के बाद सीएम के सलाहकार अवनीश अवस्थी ने उन्हें मां के निधन की जानकारी दी। मां की तबीयत बिगड़ने पर इसी साल 9 फरवरी को योगी देहरादून गए थे। उन्होंने मां से अस्पताल में मुलाकात की थी। मां ने उनके सिर पर हाथ फेरा था। योगी समेत उनके 4 बेटे और 3 बेटियां हैं। इनमें मानेंद्र सिंह, महेंद्र सिंह, शैलेंद्र मोहन और बहनें पुष्पा देवी, कौशल्या और शशि देवी हैं। योगी के पिता आनंद सिंह का साल 2020 में 89 साल की उम्र में निधन हुआ था। वह फॉरेस्ट रेंजर थे। कोरोना के चलते योगी उसमें शामिल नहीं हो पाए थे।