मेरठ में शादी में बारात के वक्त नहीं पहुंचा बैंड:4 परिवारों से लाखों लेकर भागा, 40 हजार एडवांस देने के बाद भी नहीं आया

शादी में बारात निकलने के वक्त बैंड नहीं पहुंचने पर मेरठ में हंगामा हो गया। बेगमबाग स्थित रवि बैंड के संचालक पर 4 परिवारों से लाखों रुपए लेकर बैंड नहीं भेजने का आरोप है। शनिवार को मीनाक्षीपुरम के रहने वाले परिवार की बारात निकलनी थी, लेकिन तय समय पर बैंड नहीं पहुंचा। करीब 3 महीने पहले 82 हजार रुपए में बुकिंग की गई थी, जिसमें 40 हजार रुपए एडवांस दिए थे। बैंड नहीं पहुंचने पर परिजन बेगमबाग स्थित बैंड के ठिकाने पर पहुंचे, जहां 3 अन्य परिवार भी सामने आए। रविवार को आरोपी की पत्नी लालकुर्ती थाने पहुंची, जहां पुलिस ने रकम वापस कराने को कहा। पीड़ित परिवारों की तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। 3 महीने पहले बुक किया था बैंड, 40 हजार दिए एडवांस मीनाक्षीपुरम निवासी निशांत सागर के बड़े भाई प्रशांत की शादी शनिवार को थी। परिवार ने करीब 3 महीने पहले बेगमबाग स्थित रवि बैंड की बुकिंग कराई थी। बैंड संचालक रितिक ठाकुर से 82 हजार रुपए में सौदा तय हुआ था। इसके लिए 40 हजार रुपए एडवांस दिए गए थे। परिवार को उम्मीद थी कि शादी के दिन बैंड समय पर पहुंच जाएगा और बारात धूमधाम से निकलेगी। लेकिन शनिवार को तय समय पर बैंड नहीं पहुंचा। काफी इंतजार के बाद भी संचालक की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर परिजनों का गुस्सा बढ़ गया। बेगमबाग पहुंचकर किया हंगामा, 3 अन्य परिवार भी आए सामने बैंड नहीं पहुंचने पर निशांत सागर अपने परिचितों को लेकर बेगमबाग स्थित रवि बैंड के ठिकाने पर पहुंच गए। वहां संचालक के खिलाफ हंगामा किया। इसी दौरान 3 अन्य परिवार भी वहां पहुंचे। उन्होंने भी आरोप लगाया कि बैंड संचालक रुपए लेने के बाद कार्यक्रमों में बैंड भेजने से मुकर रहा है। चार परिवारों के एक साथ सामने आने पर मामला गरमा गया। मौके पर काफी देर तक हंगामा हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और लोगों को समझाकर शांत कराया। चारों परिवारों ने बैंड संचालक पर लाखों रुपए लेकर फरार होने का आरोप लगाया। शादी में व्यस्त रहे परिवार, शिकायत देने नहीं पहुंचे शनिवार को हुए हंगामे के बाद रविवार को भी बैंड संचालक रितिक ठाकुर का पता नहीं चल सका। चारों परिवारों में वैवाहिक कार्यक्रम होने के कारण वे रविवार को लालकुर्ती थाने में लिखित शिकायत देने नहीं पहुंचे। हालांकि, रविवार को आरोपी की पत्नी लालकुर्ती थाने पहुंची और पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की। उसने बातचीत की, लेकिन आरोपी संचालक के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई। पुलिस ने कहा- पहले चारों परिवारों की रकम लौटाएं पुलिस ने आरोपी की पत्नी से कहा कि पहले चारों परिवारों की रकम वापस कराई जाए। यदि रकम वापस नहीं होती और पीड़ित परिवार लिखित शिकायत देते हैं तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। तहरीर मिलने का इंतजार कर रही पुलिस प्रभारी थानाध्यक्ष अजीत सिंह के मुताबिक, अभी तक मामले में कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है। संभव है कि पीड़ित परिवारों और बैंड संचालक पक्ष के बीच बातचीत हुई हो। यदि बातचीत से समाधान नहीं निकलता और परिवार शिकायत देते हैं तो पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। फिलहाल पुलिस पीड़ित परिवारों की शिकायत और रकम वापसी को लेकर होने वाले घटनाक्रम का इंतजार कर रही है।