यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर अब NDA में भी सीट बंटवारे को लेकर खींचतान शुरू हो गई है। 2022 विधानसभा चुनाव में भाजपा ने अपने दो सहयोगियों, अपना दल (एस) और निषाद पार्टी को 32 सीटें दी थीं। इनमें से 23 पर जीत मिली थी। उस समय सपा के साथ रही रालोद और सुभासपा भी अब NDA में आ चुकी हैं। ऐसे में चारों सहयोगी दल मिलकर करीब 123 सीटों पर दावा ठोक रहे हैं। ये पिछली बार से करीब 4 गुना ज्यादा है। सहयोगी दलों का तर्क है कि पिछले चार सालों में उनका जनाधार और संगठन पहले से मजबूत हुआ है। सीटों का फॉर्मूला तय करने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव व यूपी प्रभारी विनोद तावड़े और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी सहयोगी दलों से बातचीत शुरू करने जा रहे हैं। माना जा रहा है कि दिसंबर तक सीट बंटवारे की तस्वीर साफ हो जाएगी। सहयोगी दलों की मांग का पूरा गणित समझिए… रालोद- भाजपा के मंत्रियों की सीटों पर जयंत की नजर सपा के सहयोग से पिछला चुनाव 33 सीटों पर लड़ा था और 9 सीटें जीती थीं। NDA में शामिल होने के बाद रालोद ने ‘पश्चिम से पूरब तक’ 35 सीटों की मांग रखी है। इनमें अवध और पूर्वांचल की भाजपा के मौजूदा विधायकों वाली सीटें भी शामिल हैं। मथुरा की छाता सीट अहम है। योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण यहां से विधायक हैं। ऐसी सीटों को छोड़ना भाजपा के लिए स्थानीय स्तर पर बगावत को न्योता देने जैसा हो सकता है। यही वजह है कि यह मांग भाजपा के लिए सबसे ज्यादा पेचीदा है। सुभासपा- सपा वाली 17 सीटों पर अड़े राजभर सुभासपा ने पिछला चुनाव सपा गठबंधन से लड़ा था। तब 17 सीट मिली थीं, जिनमें 6 पर जीत हासिल हुई थी। अब पार्टी भाजपा के साथ है और 25 से 30 सीटें मांग रही है। उनकी मुख्य शर्त यह है कि वे सभी 17 सीटें दी जाएं, जो पिछली बार सपा ने दी थीं। इसके अलावा पूर्वांचल के अन्य जिलों में भी हिस्सेदारी मिले। राजभर का दावा है कि उनके आने से पूर्वांचल में NDA को सीधा फायदा मिलेगा। अपना दल (एस)- स्ट्राइक रेट के आधार पर बढ़ाया दावा अनुप्रिया पटेल की पार्टी 2022 में NDA का सबसे सफल सहयोगी थी। पार्टी 2022 चुनाव में मिली 17 सीटों में से 12 जीतकर प्रदेश की तीसरा सबसे बड़ा राजनीतिक दल बन गई थी। इसी लिहाज से इस बार अनुप्रिया अपनी पुरानी 17 सीटों के साथ कुल 30 सीटें मांग रही हैं। इनमें पूर्वांचल-बुंदेलखंड की वे सीटें हैं, जहां भाजपा हारी थी। निषाद पार्टी- भाजपा की हारी सीटों पर संजय का दांव संजय निषाद की पार्टी के पास वर्तमान में 5 विधायक हैं। 2027 के लिए वे 22 से 25 सीटें मांग रहे हैं। फॉर्मूला यह है कि भाजपा उन्हें अपनी मौजूदा सीटों के अलावा वे सीटें दे, जहां 2022 में भाजपा हार गई थी। संजय निषाद का मानना है कि नदी किनारे वाली और निषाद बाहुल्य सीटों पर उनकी पार्टी भाजपा के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन कर सकती है। पिछली बार पार्टी को 16 सीटें मिली थीं। इनमें से 10 सीट पर पार्टी अपने सिंबल (भोजन भरी थाली) पर लड़ी और 6 पर जीती। बाकी 6 सीटों पर निषाद पार्टी के प्रत्याशी भाजपा के सिंबल पर लड़े। इनमें से 5 पर जीत हुई थी। 2022 से कितनी बदली स्थिति और इसका क्या असर होगा? 2022 में भाजपा 403 विधानसभा सीटों में से 376 पर खुद चुनाव लड़ी थी। सहयोगी दलों के लिए 27 सीटें छोड़ी थीं। तब अकेले भाजपा ने 255 सीटें जीती थीं, जो बहुमत के आंकड़े (202 सीट) से काफी ऊपर थी। लेकिन, 2027 की तस्वीर बिल्कुल अलग नजर आ रही है… भाजपा नहीं चाहती कि छोटे दलों की ताकत बढ़े राजनीतिक विश्लेषक रतनमणि लाल कहते हैं कि हर दल की कोशिश होती है कि उसे ज्यादा सीट मिले। भाजपा के सहयोगी दल कह रहे हैं कि सभी साथ हैं। लेकिन, साथ बरकरार रखने के लिए कुछ ज्यादा सीटें मिलनी चाहिए। ऐसा भी देखने को मिला है कि सहयोगी दल विपक्ष से भी संपर्क रखते हैं। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को यह बात पता है कि 2024 लोकसभा चुनाव में यूपी से मिले झटके के बाद 2027 में हर वोट और हर सहयोगी बेहद अहम है। यही कारण है कि पार्टी किसी को भी नाराज करने का जोखिम नहीं उठाना चाहती। इसलिए पार्टी की कोशिश है कि सहयोगी दलों को उनकी वास्तविक ताकत और सीट जीतने की क्षमता (विनबिलिटी) के आधार पर संतुष्ट किया जाए। सहयोगियों को 115-120 सीटों की मांग से नीचे लाकर 65 से 75 सीटों के दायरे में समेटा जाए। उन्हें वही सीटें दी जाएं जो 2022 में सपा या बसपा ने जीती थीं, ताकि भाजपा के मौजूदा विधायकों वाली सीटें सुरक्षित रहें। वरिष्ठ पत्रकार एवं राजनीतिक विश्लेषक योगेश मिश्रा बताते हैं कि पिछले चुनाव में घटक दलों ने भाजपा से बहुत ज्यादा सीटें मांगी थी, लेकिन हुआ ये जितनी सीटें उन्हें मिलीं उतने प्रत्याशी भी सहयोगी पार्टियों के पास नहीं थे। भाजपा को अपने कार्यकर्ताओं को उनकी सीट पर लड़ाना पड़ा। दरअसल, छोटी पार्टियां ज्यादा सीटें मांगकर अपनी आर्थिक ताकत बढ़ाना चाहते हैं। वे जिसे टिकट देंगे, उससे पार्टी के लिए आर्थिक मदद भी लेंगे। लेकिन, भाजपा सहयोगी दलों को ज्यादा सीटें नहीं देगी। जितनी सीटें पहले मिली थीं, उसके आसपास ही सीटें मिलेंगी। भाजपा नहीं चाहेगी कि छोटे दलों की ताकत बढ़े।