अखिलेश बोले- जिसका कमल मुरझा गया, उससे क्या उम्मीद करेंगे:इसलिए ‘राधे-राधे कमल खिला दे’ का नारा दे रहे, सीएम अपनी कुर्सी की चिंता करें

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा के चुनावी नारे पर तंज कसा। कहा कि वो अभी तक वह अपना कोई नैरेटिव सेट नहीं कर पाए हैं। अखिलेश ने कहा- जब कमल मुरझा गया तो अब नारा दे रहे हैं- ‘राधे-राधे कमल खिला दे’। भाजपा ने खुद महसूस कर लिया है कि उसका कमल मुरझा गया है। जिस पार्टी का कमल मुरझा गया हो, उससे क्या उम्मीद की जा सकती है? मुख्यमंत्री योगी के परिसीमन पर सांसदों से समर्थन मांगने पर अखिलेश ने कहा कि मुख्यमंत्री के कहने से कोई समर्थन देने वाला नहीं है। उनकी कुर्सी जाने वाली है। उन्हें यह चिंता करनी चाहिए कि जनता उनका साथ देगी या नहीं? योगी के फिल्मी डायलॉग पर कसा तंज अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को एक फिल्मी डायलॉग याद आ रहा है- ‘जहां से खड़े हो जाते हैं, वहीं से लाइन शुरू होती है।’ वर्चस्ववादी लोगों को समझना चाहिए कि PDA के लोग उनसे आगे लाइन में खड़े होकर उन्हें हराने का काम करेंगे। अखिलेश यादव शनिवार को राज्यसभा सांसद जावेद अली खान के बेटे अरम अली खान के दावत-ए-वलीमा (रिसेप्शन) में शामिल होने पहुंचे थे। उन्होंने दूल्हा-दुल्हन को शुभकामनाएं दीं। अखिलेश का हेलिकॉप्टर दोपहर करीब 1:45 बजे संभल के बहजोई पहुंचा। यहां से वह कार से डीआर रिसॉर्ट पहुंचे और मीडिया से बातचीत की। पढ़िए अखिलेश की कही 5 बड़ी बातें 1- भाजपा महिला आरक्षण की आड़ में सीमाएं बदलना चाहती है सपा महिला आरक्षण के पक्ष में है। पार्टी चाहती है कि इसमें पिछड़ी और PDA वर्ग की महिलाओं को भी भागीदारी मिले। भाजपा महिला आरक्षण की आड़ में लोकसभा क्षेत्रों की सीमाएं बदलना चाहती है। लेकिन देश की सीमाओं की सुरक्षा नहीं कर पा रही है। 2014 के बाद से भारत की सीमाएं चीन के दबाव में सिकुड़ रही हैं। जो लोग लोकसभा की सीमाएं बदलना चाहते हैं, उन्हें पहले देश की सीमाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए। 2- निवेश के दावे किए, बिजली का कारखाना तक नहीं लगाया सरकार ने निवेश की बड़ी-बड़ी बातें कीं, लेकिन प्रदेश में वास्तविक निवेश कहां पहुंचा? सरकार एक भी बिजली का कारखाना नहीं लगा पाई। सरकार कम से कम 3×660 मेगावाट के सुपर क्रिटिकल थर्मल पावर प्लांट का नाम तो बता देती। 3- भाजपा के एजेंडे में रोजगार नहीं, युवा परेशान चीन से आने वाले सामान ने देश के व्यापारियों के सामने संकट खड़ा कर दिया है। युवाओं के हाथ में नौकरी नहीं है। प्रदेश में लगातार परीक्षाएं रद्द हो रही हैं। अब तक 20 से अधिक पेपर और परीक्षाएं निरस्त हो चुकी हैं। भाजपा के एजेंडे में युवाओं को रोजगार देना शामिल नहीं है। 4- सरकार बनने के 24 घंटे में किसानों का कर्ज माफ करेंगे प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर किसान, युवा और उत्तर प्रदेश का विकास प्राथमिकता होगी। गन्ने का रेट बढ़ाया जाएगा और किसानों को 24 घंटे के भीतर भुगतान किया जाएगा। सरकार बनने के 24 घंटे के अंदर किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा। गठबंधन के सवाल पर अखिलेश ने कहा कि लोगों को साथ लाने और गठबंधन बनाने का सिलसिला लगातार जारी रहेगा। सरकार बनने पर सपा अपने घोषणापत्र को लागू करेगी। 5- संभल ने नेताजी को भी सम्मान दिया है संभल का जिक्र करते हुए अखिलेश ने कहा- जिला नया जरूर है, लेकिन यहां का शहर ऐतिहासिक और बहुत पुराना है। संभल की जनता ने नेताजी मुलायम सिंह यादव को भी प्यार और सम्मान दिया है। यहां के लोग भाईचारे, लोकतांत्रिक और धर्मनिरपेक्ष मूल्यों में विश्वास रखते हैं।