सपा विधायक बोले-अखिलेश समेत सभी सांसद परिसीमन का विरोध करेंगे:भाजपा लोगों को भटका रही; बृजभूषण ने कहा- ओवैसी-चंद्रशेखर का गठबंधन बेमेल

संसद में परिसीमन बिल पेश होने के दौरान सपा सांसदों के गैर-मौजूदगी की अटकलों पर विधायक रविदास मेहरोत्रा ने विराम लगा दिया है। उन्होंने कहा कि 30 नवंबर से सत्र शुरू हो रहा है। सपा के सभी सांसद लोकसभा में मौजूद रहेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भी रहेंगे। हम लोग परिसीमन बिल का विरोध करेंगे। भाजपा जनता को मुख्य मुद्दों से भटकाना चाहती है। भाजपा नेता बृज भूषण शरण सिंह ने AIMIM और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के गठबंधन पर कहा कि मैंने पहले भी कहा है कि इस गठबंधन का कोई मेल नहीं है। यह बेमेल है। दलित समाज के लोग सूअर किसके डर से पालते थे? अपनी बहन-बेटियों की सुरक्षा के लिए। दोनों समाजों के बीच सहमति बन नहीं पाएगी। मंत्री रजनी तिवारी ने सपा के मेनिफेस्टो पर कहा- हमने जनता के लिए जो काम किए हैं, उसके लिए ही आपने देखा होगा कि चाहे 2014 हो, 2017 हो, 2019 हो या 2022, जनता ने हमेशा हम पर विश्वास किया है। लोकतंत्र में वोट से ही यह पता चलता है और जनता ने लगातार वोट देकर हमारी सरकार बनाने का काम किया है।