ललितपुर में अवैध खनन के दौरान खदान धंस गयी। मिट्टी के नीचे दबने से तीन मजदूर दब गए। जिसमें दो मजदूरों की मौत हो गयी। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने रेस्क्यू कर शव को बाहर निकाला। वहीं तीसरे मजदूर की तलाश जारी है। घटना तालबेहट कोतवाली क्षेत्र की है। रविवार शाम 7 बजे ग्राम खांदी के मजरा गनेशपुरा निवासी सुनील अहिरवार और अमर सिंह एक ट्रैक्टर चालक के साथ मिट्टी खोदने गए थे। खदान में काम करते समय अचानक मिट्टी का टीला धंस गया। पढ़ें पूरी खबर… बहराइच में दो सगे भाई सरयू में डूबे, मौत; तैरकर मां के पास जा रहे थे बहराइच में दो सगे मासूम भाइयों की नदी में डूबने से मौत हो गई। बच्चों की मां नदी उस पार गेहूं काटने गई थी। देर शाम तक जब वह नहीं लौटी, तो दोनों उसके पास जाने लगे। सरयू किनारे नाव न होने से तैरकर नदी पार करने लगे। दोनों कुछ ही दूर गए थे कि गहरे पानी में चले गए। ग्रामीणों ने दोनों के शवों को नदी से निकाला। ग्रामीणों की सूचना पर क्षेत्रिय लेखपाल और पुलिस मौके पर पहुंची। घटना बलहा कोतवाली क्षेत्र के सरैया गांव की है। पढ़ें पूरी खबर… यूपी में 6 IAS का ट्रांसफर, प्रेम प्रकाश मीणा बने अलीगढ़ के नए नगर आयुक्त यूपी सरकार ने रविवार को 6 आईएएस अफसरों के ट्रांसफर कर दिए। अविनाश कृष्ण सिंह को प्राविधिक शिक्षा के महानिदेशक के साथ-साथ सचिव की भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्राविधिक शिक्षा विभाग में विशेष सचिव के पद पर तैनात ए. दिनेश कुमार को गृह विभाग में विशेष सचिव बनाया गया। लंबे समय से कृषि उत्पादन आयुक्त शाखा में विशेष सचिव के पद पर तैनात बृजराज सिंह यादव को राजस्व विभाग में अपर भूमि व्यवस्था आयुक्त के पद पर भेजा गया है। उन्नाव के सीडीओ रहे प्रेम प्रकाश मीणा को अलीगढ़ का नगर आयुक्त बनाया गया है। फिरोजाबाद में संयुक्त मजिस्ट्रेट कृति राज को उन्नाव का सीडीओ बनाया गया है। यहां देखें लिस्ट सपा नेता गुलशन यादव की 7 करोड़ की संपत्ति कुर्क, राजा भैया के खिलाफ चुनाव लड़ चुका है प्रतापगढ़ में सपा नेता गुलशन यादव की 7 करोड़ की संपत्ति कुर्क की गई है। नायब तहसीलदार अजय सिंह की मौजूदगी में पुलिस फोर्स ने ढोल-नगाड़ों के साथ चल-अचल संपत्ति और लग्जरी गाड़ी जब्त की। पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत गुलशन यादव को गैंग लीडर भी घोषित किया है। गुलशन ने कुंडा में अपनी पत्नी सीमा यादव के नाम 112 वर्ग मीटर के प्लॉट पर आलीशान मकान बनवा रखा था। पुलिस ने मकान खाली करा लिया है। पुलिस प्रशासन ने मकान के बाहर कुर्की का नोटिस भी चस्पा कर दिया है। गुलशन यादव सपा के जिला कार्यवाहक अध्यक्ष पद पर हैं। साल 2022 के विधानसभा चुनाव में वह कुंडा से रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के खिलाफ सपा के टिकट से चुनाव भी लड़ चुके हैं। लेकिन, चुनाव हार गए थे। गुलशन के खिलाफ 50 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। इसमें सीओ जिआउल हत्याकांड का आरोप भी गुलशन पर है। यहां पढ़ें पूरी खबर मुरादाबाद में मां और डेढ़ साल के बच्चे की मौत, पति गंभीर; डंपर ने बाइक को टक्कर मारी मुरादाबाद में रविवार दोपहर डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में महिला और उसके डेढ़ साल के बेटे की मौत हो गई। जबकि पति और उसका दूसरा बेटा गंभीर घायल हैं। पुलिस ने डंपर चालक को पकड़ लिया। हादसा डिलारी के आलियाबाद गांव के पास हुआ। पुलिस ने बताया कि मो. यूनुस अपनी पत्नी तबस्सुम, डेढ़ साल के बेटे मोहम्मद शाद और 3 साल के बेटे जिकरान के साथ बाइक से रिश्तेदारी में शादी समारोह में जा रहे थे। सिरसवा दोराहे के पास तेज गति से आ रहे डंपर ने बाइक को चपेट में ले लिया। हादसे में तबस्सुम और डेढ़ साल के बेटे की मौके पर मौत हो गई। पढ़ें पूरी खबर कानपुर की मार्केट में भीषण आग लगी, 6 दुकान जलकर राख कानपुर के किदवई नगर में 40 दुकान मार्केट में रविवार सुबह भीषण आग लग गई। अवैध रूप से बनी घड़े, मटके और कूलर की एक दुकानों में तड़के 4:30 बजे आग लगी। देखते ही देखते आग ने आसपास की 5 दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। दमकल की दो गाड़ियों ने 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पढ़ें पूरी खबर बरेली में MBBS के दो स्टूडेंट नदी में डूबे; ग्रामीणों ने एक को बचाया, दूसरे की खोज में जुटे गोताखोर बरेली में शनिवार को MBBS के दो स्टूडेंट नदी में नहाते समय डूब गए। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण बचाने के लिए पहुंचे। एक स्टूडेंट को बचा लिया, जबकि दूसरे का पता नहीं चल सका। रात होने से गोताखोर रेस्क्यू नहीं कर पाए। रविवार की सुबह गोताखोरों ने फिर से तलाश शुरू कर दी। दोनों युवक फतेहगंज पश्चिमी स्थित राजश्री मेडिकल कॉलेज में MBBS फर्स्ट ईयर के स्टूडेंट थे। गोरखपुर के आराध्य मिश्रा को ग्रामीणों ने बचा लिया जबकि हरियाणा महेंद्रगढ़ के रहने वाले शनिदेव की तलाश में गोताखोर लगे हैं। पढ़िए पूरी खबर मेरठ में नाबालिग बहनों से की अश्लील हरकत; देर रात थाने पर हिंदू संगठनों का हंगामा आरोपी अरेस्ट मेरठ के सदर थाना क्षेत्र के रंजीतपुरी में 2 नाबालिग बहनों के साथ अश्लील हरकत करने का मामला सामने आया है। मां ने बताया- शनिवार को बड़ी बहन अपनी छोटी बहन को कोचिंग छोड़ने जा रही थी। तभी रास्ते में सदर कबाड़ी बाजार में रहने वाले मनचलों ने बेटी से अश्लील हरकतें कीं। बेटियां घर पहुंची तो उन्होंने पूरी घटना बताई। मां शिकायत लेकर थाने पहुंची। वहीं देर रात थाने पर व्यापारी नेता जीतू सिंह नागपाल और हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता सचिन सिरोही सहित तमाम लोग पहुंचे और हंगामा कर दिया। हिंदू सुरक्षा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन सिरोही ने कहा कि अब हिंदू बच्चियों को टारगेट कर इनको शिकार बनाया जा रहा है। यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं पुलिस ने देर रात आरोपी को उसके घर से अरेस्ट कर लिया। सीओ सदर संतोष कुमार का कहना आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्यवाही की जाएगी। पढ़िए पूरी खबर कानपुर में फर्जी टैक्स इंस्पेक्टर बनकर वसूले 45 हजार; नगर निगम कर्मी ने ही बिल ठीक कराने के नाम पर वसूले कानपुर लालबंगले के एक कारोबारी के साथ नगर निगम के कर्मचारी ने फर्जी टैक्स इंस्पेक्टर बनकर हाउस टैक्स का बिल ठीक कराने के नाम पर 45 हजार रुपए वसूल लिए। पांच महीने बीतने के बावजूद हाउस टैक्स बनकर न मिलने पर कारोबारी ने छानबीन की तो फर्जीवाड़े की जानकारी हुई। नगर आयुक्त से कारोबारी ने शिकायत की है। नगर आयुक्त ने पूरे मामले में जांच के आदेश दिए है। पढ़िए पूरी खबर