यूपी के सभी टॉप मेडिकल संस्थानों को अलर्ट किया:7 एयरफोर्स स्टेशन स्टैंडबॉय पर; हिंडन एयरपोर्ट से सभी उड़ानें कैंसिल

पाकिस्तान पर एयर स्ट्राइक के बाद यूपी में रेड अलर्ट है। प्रदेश के टॉप मेडिकल संस्थानों को अलर्ट कर दिया गया है। KGMU और SGPGI को किसी भी आपातकालीन व्यवस्था से निपटने के लिए कहा गया है। लखनऊ में मानक नगर रेलवे स्टेशन पर उत्सर्ग एक्सप्रेस ट्रेन (15084) में बम होने की सूचना मिली। जीआरपी व पुलिस ने करीब एक घंटे छानबीन की। सूचना अफवाह थी। ट्रेन को रवाना कर दिया गया है। इधर, वाराणसी में गंगा घाट से काशी विश्वनाथ तक संदिग्ध लोगों से पूछताछ की गई। 20 लोगों के नंबर पुलिस ने नोट किए हैं। आईडी और आधार कार्ड चेक करने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। मेरठ में गाड़ियों की चेकिंग बढ़ा दी गई है। आगरा में ताजमहल के आसपास के 40 से ज्यादा होटलों में चेकिंग की गई। पाकिस्तान के सैन्य ठिकानों पर हमले से मध्य वायु कमान के 7 एयरफोर्स स्टेशन हाई अलर्ट पर हैं। इनमें लखनऊ में बख्शी का तालाब स्टेशन भी शामिल है। यहां लड़ाकू विमान, ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट, ड्रोन स्टैंडबॉय पर हैं। सुरक्षा कारणों से इन एयरबेस की तैयारियों की समीक्षा की गई है। गाजियाबाद के हिंडन सिविल एयरपोर्ट से उड़ानें अग्रिम आदेश तक बंद कर दी गई हैं। सुरक्षा कारणों के चलते यह फैसला लिया गया है। यहां से हर दिन 14 शहरों के लिए 30 फ्लाइट्स उड़ती थीं। प्रयागराज और मेरठ में स्वास्थ्यकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। मुरादाबाद के डीएम अनुज कुमार सिंह ने बताया, डॉक्टर्स और पुलिस महकमे की छुट्टियां रद का दी गई हैं। सभी को एमरजेंसी के लिए तैयार रहने को कहा गया है। मेरठ में मशहूर नौचंदी मेले पर भी रोक लगा दी गई है। 15 मई से इस ऐतिहासिक मेले का शुभारंभ होना था, लेकिन अब 20 मई के बाद ही यह तय किया जाएगा कि मेले की शुरुआत कब होगी। लखनऊ, अयोध्या समेत कई शहरों में रात में रेलवे स्टेशनों पर चेकिंग अभियान चलाया गया। ट्रेनों और स्टेशनों पर सामान की जांच की गई। लखनऊ में हमलों से बचाव के लिए मॉक ड्रिल की गई। नॉदर्न रेलवे के कर्मचारियों को बचने के तरीके बताए गए। मैनपुरी में डिंपल यादव ने कहा, हमारा सरकार को पूर्ण समर्थन है। देश को सेना के शौर्य पर गर्व है। मंत्री संजय कुमार निषाद ने कहा- जो भारत के नागरिक चाहते थे वो पीएम मोदी ने किया। हमें सेना पर गर्व है। दुनिया में लोकतंत्र है और इस लोकतंत्र में आतंक की कोई जगह नहीं है। जो जैसा करेगा वो वैसा भरेगा। 3 तस्वीरें देखिए- सहारनपुर के कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने अपने बयान पर सफाई दी है। उन्होंने कहा – भाजपा के लोग उन्हें साजिशन निशाना बना रहे हैं। मैंने तो बस यह मांग की थी कि इस कार्रवाई की जानकारी सार्वजनिक हो, ताकि दुनिया को भारत की ताकत का संदेश जाए। दरअसल, इमरान मसूद ने एयर स्ट्राइक के बाद कहा था- इस बहादुरी के लिए सेना को सलाम है, लेकिन यह भी बताया जाए कि कितना नुकसान हुआ और कितनों को मारा गया। इसके बाद इमरान मसूद ट्रोलर्स के निशाने पर आ गए थे। रेड अलर्ट के बाद पूरे यूपी में चेकिंग अभियान और नेताओं के रिएक्शन के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…