गांव में शादी, स्कूल में 2 दोस्तों का मर्डर:अंबेडकरनगर में 3 लड़कियों को लेकर आपस में भिड़े युवक; मृतक की गर्लफ्रेंड ने किया सुसाइड

अंबेडकरनगर का भिउरा गांव। गांव से करीब 200 मीटर की दूरी पर एक प्राइमरी स्कूल है। इसकी बाउंड्री में एक करीब डेढ़ फीट मोटा सागौन का पेड़ है। इस पेड़ की 4 इंच मोटी डाल पर एक लड़के की लाश लटकी थी। लाश का एक पैर नीचे पड़ी एक और लाश पर था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाश उतारा और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। दोनों की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हैंगिंग का मामला सामने आया। पुलिस ने कॉल डिटेल के जरिए जांच शुरू की और गांव की 3 लड़कियों को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ा तो एक लड़की ने भी सुसाइड कर लिया। पूरा मामला पेचीदा हो गया। दैनिक भास्कर की टीम इस पूरे मामले को समझने ग्राउंड पर पहुंची। टीम घटनास्थल पर गई। पूछताछ के लिए ले जाई गई लड़कियों से मिली। आत्महत्या करने वाली लड़की की मां से बात की। 2 गिरफ्तार हुए लोगों के बारे में जाना। पुलिस की थ्योरी को समझा। पूरी घटना को एक तरफ से समझते हैं… गांव में एक तरफ बारात ठहरी थी, दूसरी तरफ लाशें पड़ी थीं
अंबेडकरनगर जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर भिउरा गांव है। यहीं 20 मई की रात रामकिशोर राजभर के घर पर उनकी बेटी की बारात आई थी। गांव के सारे लोग इस शादी में शामिल थे। रातभर डीजे बजा और शादी हो गई। बारात में आए लोग अपने घर लौटने लगे। सुबह गांव के ही कुछ लोग प्राइमरी स्कूल की तरफ गए। सागौन के पेड़ पर गमछे से एक लाश लटकी मिली। लोग लाश के नजदीक पहुंचे, तो देखा कि एक और लड़के की लाश लटकी हुई लाश के नीचे पड़ी थी। मौके पर भीड़ जुट गई। लोग पहचानने में जुटे थे कि आखिर ये दोनों कौन हैं? बारात में आए लोगों ने भी पहचानने से इनकार कर दिया। तभी गांव के ही कुछ लोगों ने बताया कि ये दोनों लड़के गांव की दुर्गा पूजा में डांस करने आते रहे हैं। इनकी पहचान गाजीपुर जिले के छतरपुर गांव के प्रिंस कुशवाहा और आरो गांव के मुकेश पासवान के रूप में हुई। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों लाशों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। दोनों की उम्र 18 से 22 साल के बीच थी। पुलिस ने जांच शुरू की। दोनों मृत लड़कों की कॉल डिटेल निकलवाई। पता चला कि प्रिंस की गांव की ही एक लड़की से आखिरी बातचीत हुई थी। पुलिस ने 22 मई को दिन में करीब 11 बजे प्रिंस की गर्लफ्रेंड और उसकी 2 सहेलियों को हिरासत में ले लिया। दोनों सहेलियां बहनें हैं। इनसे अहिरौली थाने में अलग-अलग पूछताछ की गई। रात 1 बजे पुलिस ने तीनों को उनके घर लाकर छोड़ दिया। सुबह प्रिंस की गर्लफ्रेंड ने फांसी लगाकर जान दे दी। अब यह मामला और पेचीदा हो गया। लड़की बोली- थाने में हमें पीटा गया
हम भिउरा गांव पहुंचे। मृतक लड़की के घर के बाहर भीड़ लगी थी। पड़ोस में ही सहेलियों का घर है। हमने दोनों लड़कियों से बात शुरू की। एक लड़की कहती है- 22 मई को दिन में करीब 11 बजे 2 जेंट्स और एक लेडीज पुलिसवाले घर आए। मां, मौसी के घर गई थी। उन्होंने मेरी बहन और सहेली (प्रिंस की गर्लफ्रेंड) को अपने साथ चलने के लिए कहा। वो बोले कि आधे घंटे बाद हम छोड़ देंगे। वो हम लोगों को अहिरौली थाने लेकर गए। वहां अलग-अलग पूछताछ की। 9वीं में पढ़ने वाली लड़की कहती है- जब वह मुझे लेकर जा रहे थे, तो मैं घबरा गई थी। थाने पहुंची तो उन्होंने पहले हमारे बारे में और परिवार के बारे में पूछा। इसके बाद बोले कि तुम लोगों ने हत्या की है। पूछा कि क्या तुम उन दोनों लड़कों को पहले से जानती थी? इस मैंने कहा कि हां, दोनों को जानती हूं। लड़की की बड़ी बहन से हमने पूछा कि थाने में क्या हुआ था? वह बोली- हम लोगों को एक साथ ही बैठाया था, लेकिन पूछताछ के लिए अलग-अलग कमरों में ले गए। हमें पीटा गया। पुलिसवाले कहते रहे कि सच-सच सब कुछ बता दो, नहीं तो दोनों लोग पूरा जीवन जेल में रहोगी। हमने बताया कि जब तक वो लड़के हमारे सामने थे, तब तक ठीक थे। उसके बाद क्या हुआ, हमको नहीं पता। बाकी प्रिंस की उसकी आपस में फोन पर बातचीत होती थी। हमारी कोई बातचीत नहीं होती थी। पुलिस ने बेटी सौंपी और फोटो खींची
22 मई की रात करीब 1 बजे पुलिस तीनों लड़कियों को लेकर भिउरा गांव पहुंची और उनके परिजनों के हवाले कर दिया। मृतक लड़की की मां कहती हैं- पुलिस ने बेटी को सौंपते हुए हमारी फोटो खींची। फिर कहा कि किसी को कहीं जाने मत देना। अपने ही पास रखना। हमने पूछा कि बेटी से आपने पूछा कि क्या हुआ? वह कहती हैं- हमको उसने कुछ नहीं बताया। सुबह घरवाले अपने-अपने काम में व्यस्त हो गए। दूसरी तरफ बेटी के दिमाग में कुछ और चल रहा था। उसने घर में ही कमरे के चुल्ले में साड़ी के जरिए फांसी का फंदा बनाया और उससे लटक गई। गांव के ही लोग कहते हैं, जब पुलिस को फोन किया गया, तब जवाब मिला कि लाश को उतारकर अंतिम संस्कार कर दो। हालांकि जब पुलिस पर प्रेशर पड़ा, तो करीब डेढ़ घंटे बाद मौके पर पहुंची। मर्डर करके आत्महत्या दिखाने की कोशिश की
इसके बाद हम उस जगह पर पहुंचे, जहां प्रिंस कुशवाहा और मुकेश पासवान की लाश पड़ी थी। आसपास के लोगों ने बताया कि प्रिंस की लाश पेड़ पर एक गमछे से लटकी थी। जिस जगह उसका पैर था, उसी के नीचे मुकेश की लाश पड़ी थी। जिन लोगों ने मारा, उन्होंने सुसाइड दिखाने की कोशिश की थी। लेकिन, परिस्थिति ऐसी थी कि यह कहीं से भी आत्महत्या नजर नहीं आती। जिस डाल पर प्रिंस की लाश लटकी मिली उसकी चौड़ाई 4 इंच है, डाल में लचक थी। इसके अलावा प्रिंस के शव का जहां हाथ था, उसके एक फीट की दूरी पर स्कूल की बाउंड्री थी। अगर मान भी लें कि उसने सुसाइड किया तो स्वाभाविक है कि तड़पते वक्त हाथ इधर-उधर मारा होगा, इससे उसके बचने की संभावना रहती। मुकेश की लाश नीचे पड़ी थी। हमने गांव के लोगों से पूछा कि किसने शव नीचे उतारा? गांव के प्रधान पवन सिंह का कहना था कि हम सूचना के तुरंत बाद ही पहुंच गए थे। जिस परिस्थिति में दोनों की लाशें थीं, उन्हें किसी ने भी नहीं छुआ था। नीचे पड़ी लाश से तय हो गया कि यह आत्महत्या नहीं, हत्या थी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हैंगिंग आया, क्योंकि इनका गला कसकर मारा गया है। पुलिस ने लड़कों के ही 2 साथियों को गिरफ्तार किया
पुलिस ने इस मामले में दो लड़कों को गिरफ्तार किया है। पहला, सतीश कुमार है और दूसरा भिउरा गांव के ही पास का नाबालिग लड़का है। दोनों को 24 मई को सुबह साढ़े 10 बजे बेलाबाग चौराहे से गिरफ्तार किया गया। सतीश गाजीपुर के छतरपुर गांव का रहने वाला है। प्रिंस भी इसी के गांव का था। 19 मई को तीनों घर से एक साथ निकले थे। घरवालों को बताया था कि अयोध्या में राममंदिर का दर्शन करने जा रहे हैं। वे अंबेडकरनगर के भिउरा गांव पहुंचे। यहीं की एक लड़की की शादी गाजीपुर में हुई है। उसी के घर पर आकर रुक गए। हम यहां भी गए तो एक बुजुर्ग महिला मिली। वह कहती हैं कि हमको इस मामले के बारे में कुछ नहीं पता। लड़कियों को लेकर विवाद हुआ, फिर हत्या
हम यह जानना चाहते थे कि आखिर उस रात हुआ क्या था? इसके लिए हम इस मामले की जांच कर रहे पुलिसवालों के पास पहुंचे। एक अधिकारी बताते हैं- घटनास्थल पर सभी 4 लड़के थे। इनमें किसी तरह का कोई झगड़ा नहीं था। तीनों लड़कियां भी वहां थीं। लड़कियों को लेकर विवाद हुआ। इस विवाद में सबसे पहले प्रिंस की हत्या कर दी गई। इसके बाद उसके दोस्त मनीष की भी हत्या कर दी गई। इस बात की भी संभावना है कि पहले तीनों लड़कों ने मिलकर प्रिंस को मारा हो और फिर 2 लड़कों ने मुकेश को भी मार दिया हो। क्योंकि 2 लड़के, 2 लड़कों को नहीं मार सकते। एक लड़की के सुसाइड कर लेने से इस मामले में पुलिस लड़कियों को इस मामले से अब दूर रख रही है। दोनों लड़कों को मारने के लिए एक गमछे का इस्तेमाल किया गया है। शरीर में कहीं और कोई चोट के निशान नहीं हैं। ऐसा इसलिए, क्योंकि बाकी लड़कों ने हाथ-पैर पकड़ रखे थे और सतीश ने गमछे से गले को कस दिया। दोनों को इसी तरह से मारने के बाद प्रिंस की लाश को सागौन के पेड़ से लटका दिया गया, ताकि सुसाइड लगे। लेकिन कॉल डिटेल ने पूरा मामला खोल दिया। हत्याकांड वाले दिन ही लक्ष्मी और प्रिंस की 10 से ज्यादा बार फोन पर बात हुई थी। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में 2 लड़कों को गिरफ्तार किया है। लेकिन, घटना कैसे हुई, किस आरोपी ने क्या किया? लड़कियों का रोल क्या था? इसे लेकर किसी तरह की प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं की। इस पूरे मामले को लेकर हमने अंबेडकरनगर के पुलिस कप्तान केशव कुमार से बात की। वह कहते हैं- इस हत्याकांड में 2 लड़कों की संलिप्तता मिली थी। हमने उन्हें गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। मृतक प्रिंस की कॉल डिटेल में यह पता चला कि उसकी बात गांव की लड़कियों से हुई थी। इसीलिए उन्हें पूछताछ के लिए थाने लाया गया था। ————————- ये खबर भी पढ़ें… यूपी के डॉक्टर की डर्टी स्टोरी, 200 VIDEO अपलोड किए, रीना राय नाम के फेसबुक पेज पर लिंक, पोर्न वीडियो देखने के 300 रुपए लगते संत कबीर नगर के डॉक्टर वरुणेश दुबे के ट्रांसजेंडर वाले अश्लील वीडियो चर्चा में हैं। डॉक्टर की पत्नी ने पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने वीडियो के सैंपल फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। इस बार संडे बिग स्टोरी में पढ़िए, किस वेबसाइट पर ये वीडियो अपलोड किए जाते थे, किस फेसबुक आईडी से लिंक मिला, देखने के रेट क्या थे? पूरी खबर पढ़ें…