यूपी में 70 हजार मस्जिद- ईदगाह में बकरीद की नमाज:चंदौली में गाड़ी में तोड़फोड़ पर बवाल; पुलिस अलर्ट- सड़कों पर कुर्बानी न हो

यूपी में कड़ी सुरक्षा के बीच आज ईद-उल-अजहा (बकरीद) मनाई जा रही है। मस्जिद और ईदगाह में सुबह से नमाजी पहुंच गए हैं। कानपुर, प्रयागराज, लखनऊ में ड्रोन से निगरानी की जा रही है। कानपुर में मरकजी ईदगाह में डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह पहुंचे। उन्होंने नमाजियों को बधाई दी। उनके हालचाल लिए। वहीं चंदौली में नमाज पढ़ने आए नमाजियों की कार के शीशे टूटने पर जमकर बवाल हुआ। लोगों ने सड़कों पर जाम लगा दिया। हालांकि सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर मामला शांत कराया। वहीं, संभल में ईदगाह और जामा मस्जिद में भारी संख्या में फोर्स के बीच नमाज पढ़ी गई। यूपी में करीब 30 हजार मस्जिदों और 40 हजार ईदगाहों में ईद की नमाज पढ़ी जा रही है।सीएम योगी के ऑफिस ने बकरीद पर बधाई दी। कहा- बकरीद सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की प्रेरणा प्रदान करता है। वहीं, मायावती और अखिलेश यादव ने भी बकरीद की बधाई दी।बरेली में इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष शहाबुद्दीन रजवी ने शुक्रवार को मौलानाओं से अपील की थी कि बकरीद पर आतंकवाद के खिलाफ तकरीरे करें। 3 तस्वीरें देखिए इससे पहले सोमवार शाम को सीएम योगी ने लॉ एंड ऑर्डर की बैठक की थी। इसमें कहा था कि बकरीद पर किसी भी प्रतिबंधित पशुओं जैसे गाय-नीलगाय और ऊंट की कुर्बानी नहीं होनी चाहिए। कुर्बानी के लिए जिलों में तय स्थान है। उससे अलग कहीं कुर्बानी हो तो कार्रवाई करें। सड़क पर नमाज नहीं पढ़ी जाएगी। आस्था का सम्मान होना चाहिए, लेकिन उपद्रव बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संदिग्धों पर नजर रखी जाए। संवेदनशील क्षेत्र में पुलिस पैदल मार्च करे। सीएम ने कहा, अगर कहीं विवाद की स्थिति बनती है तो पुलिस ‘तहरीर’ मिलने का इंतजार कतई न करे। तत्काल कदम उठाए जाएं। प्रदेश में शांति, सुरक्षा और सौहार्द का माहौल बना रहना चाहिए। बकरीद से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…