मानसून आज बिहार के रास्ते एंट्री कर सकता है। यूपी में आज 13 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट है। वहीं, 22 जिलों में गरज के साथ बिजली गिरने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। ऐसे में IMD ने बिजली से बचने की एडवाइजरी भी जारी की है। मंगलवार को मथुरा, आगरा, वाराणसी समेत 13 जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। मथुरा में मंगलवार शाम करीब एक घंटे भीषण बारिश हुई। बांके बिहारी मंदिर को जाने वाले रास्ते पर पानी भर गया। राधा बल्लभ मंदिर के पास दुकानों में पानी भर गया। दुकानों के सामान खराब हो गए। होली गेट, नया बस स्टैंड, पुराना बस स्टैंड, भूतेश्वर और BSA कॉलेज रोड जैसे प्रमुख इलाकों में कमर तक पानी भर गया है। सड़कें तालाब बन गईं। ट्रैक्टर, बाइक और कारें डूबीं नजर आईं। बच्चे तैरते नजर आए। एक युवक छत पर नहा रहा था, तभी उस पर बिजली गिरी। इससे उसकी मौत हो गई। आगरा में शाम को आसमान में काले बादल छा गए। दिन में अंधेरा हो गया। लोगों को अपनी गाड़ियों की हेड लाइट जलानी पड़ी। तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। ताजमहल देखने आए टूरिस्ट ने बारिश का लुत्फ उठाया। बच्चे भीगते हुए खेलते नजर आए। ताजमहल भी बारिश के बीच चमकता नजर आया। यहां खेत में मजदूरी कर रहे दंपती की बिजली की चपेट में आकर मौत हो गई। वाराणसी में दोपहर 12 बजे के बाद तेज बारिश हुई। इसके बाद से बादल छाए हैं। एनसीआर में भी मौसम बदला। नोएडा और गाजियाबाद में भी झमाझम बारिश हुई। बुलंदशहर में करीब एक घंटे की बारिश से सड़कों पर पानी भर गया। बच्चे भीगते हुए मस्ती करते दिखे। देवरिया में बिजली गिरने से महिला की मौत हो गई। दो बच्चे झुलस गए। वहीं, 48 घंटों में आंधी-बारिश से 45 की मौत हुई है।