IPS अजय पाल को धमकाने वाले नेता ने माफी मांगी:बोले- मेरी उनसे कोई दुश्मनी नहीं; पहले कहा था- घसीटकर बंगाल लाएंगे

यूपी के एनकाउंटर स्पेशलिस्ट डॉक्टर अजय पाल शर्मा को धमकाने वाले तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) नेता रिजु दत्ता ने माफी मांगी है। रिजु ने रविवार को X पर वीडियो जारी किया। कहा, उन्होंने आईपीएस अजय पाल शर्मा को लेकर जो कुछ भी कहा था, वह उनकी व्यक्तिगत राय नहीं थी, बल्कि पार्टी लाइन के तहत दिया गया बयान था। रिजु ने कहा, मेरी अजय पाल शर्मा से कोई निजी दुश्मनी नहीं है। मैं उनसे माफी मांगता हूं। रिजु दत्ता समेत तीन पदाधिकारियों को ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी ने 6 साल के लिए शनिवार को सस्पेंड किया है। टीएमसी की हार के बाद इन पर पार्टी विरोधी टिप्पणी करने का आरोप है। डॉक्टर अजय पाल प्रयागराज के एडिशनल सीपी लॉ एंड ऑर्डर हैं। बंगाल चुनाव में चुनाव आयोग ने अजय पाल को दक्षिण 24 परगना जिले का ऑब्जर्वर बनाया था। फाल्टा सीट पर 29 अप्रैल को मतदान हुआ था, उस दौरान गंभीर चुनावी अपराधों और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के उल्लंघन के कारण नए सिरे से चुनाव कराने का आदेश दिया गया है। फाल्टा में अब 21 मई को फिर से वोटिंग होगी। चुनाव से पहले और हार के बाद रिजु दत्ता के बयान पढ़िए… 10 मई: अजय पाल से बिना शर्त माफी मांगता हूं… रिजु दत्ता ने कहा, ‘तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता के तौर पर मैंने आईपीएस अजय पाल शर्मा को लेकर एक वीडियो बनाया था। अब सच बोलने की वजह से मेरी ही पार्टी ने मुझे निलंबित कर दिया है। मेरा वह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद भाजपा समर्थकों का पूरा आक्रोश व्यक्तिगत रूप से मुझ पर आ रहा है। मैं साफ करना चाहता हूं कि मैंने वह वीडियो तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता के तौर पर, पार्टी मुख्यालय से और पार्टी लाइन का पालन करते हुए बनाया था। वह वीडियो पार्टी के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से जारी किया गया था। यह कोई व्यक्तिगत टिप्पणी नहीं थी। उत्तर प्रदेश के कुछ वरिष्ठ बीजेपी नेताओं और अपने कानूनी सलाहकार की सलाह पर मैं आईपीएस अजय पाल शर्मा से बिना शर्त माफी मांगता हूं। मैं एक आम इंसान हूं, जो अपने परिवार के साथ शांतिपूर्ण जीवन जीना चाहता है और अपनी रोजी-रोटी चलाना चाहता है। मुझे उम्मीद है कि अब यह मामला हमेशा के लिए खत्म हो जाएगा। 28 अप्रैल: FIR दर्ज कराएंगे, घसीटकर लाया जाएगा
रिजु दत्ता ने चेतावनी भरे लहजे में कहा था- अभी भी समय है, सुधर जाइए। उन्होंने आगे कहा- 4 तारीख के बाद आपको कोई भी राज्य या बीजेपी का कोई नेता बचा नहीं पाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान निष्पक्षता नहीं बरती जा रही है। अगर हालात नहीं बदले तो सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आपके ऊपर FIR होगी और आपको घसीटकर बंगाल लाया जाएगा। सुवेंदु अधिकारी की तारीफ, ममता बनर्जी पर उठाए सवाल
रिजु दत्ता ने हाल ही में पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी की खुलकर तारीफ की। एएनआई से बातचीत में दत्ता ने दावा किया था कि सुवेंदु अधिकारी ने अपने निजी सहायक चंद्रकांत रथ की हत्या के बाद भी संयम दिखाकर कम से कम 5,000 टीएमसी कार्यकर्ताओं की जान बचाई है। अगर उन्होंने उस रात बदले की अपील की होती तो बंगाल में बड़े पैमाने पर हिंसा हो सकती थी। उन्होंने सुवेंदु अधिकारी की राजनीतिक यात्रा की भी जमकर तारीफ की थी। कहा था, अगर भारत के शीर्ष 10 राजनेताओं की सूची बनाई जाए तो ममता बनर्जी का नाम जरूर होगा। लेकिन सुवेंदु अधिकारी का राजनीतिक सफर अलग है। वह सांसद रहे, कैबिनेट मंत्री रहे। पहले नंदीग्राम और अब भवानीपुर में ममता बनर्जी को हराया। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठने के असली हकदार वही हैं। रिजु दत्ता ने टीएमसी नेतृत्व और पार्टी की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठाए। कहा, दीदी और ​अभिषेक बनर्जी को जिम्मेदारी लेनी चाहिए कि कैसे एक बाहरी संगठन I-PAC ने पूरी पार्टी पर कब्जा कर लिया। पार्टी के अंदरूनी हालात और I-PAC जैसे बाहरी सलाहकारों के प्रभाव ने बंगाल में टीएमसी संगठन को कमजोर कर दिया है। चलिए पूरा मामला समझते हैं… टीएमसी ने दक्षिण 24 परगना जिले में फाल्टा विधानसभा क्षेत्र से जहांगीर खान को टिकट दिया था। जहांगीर की उम्र 41 साल और वह 12वीं पास हैं। IPS अजय पाल शर्मा जिले के ऑब्जर्वर थे। जहांगीर द्वारा स्थानीय लोगों को डराने-धमकाने की शिकायत IPS अजय पाल को मिली थी। इसके बाद वह 27 अप्रैल को टीम के साथ जहांगीर के घर पहुंचे। वहां बंगाल पुलिस के 14 जवान सुरक्षा में तैनात मिले। स्थानीय एसपी से जानकारी मांगने पर पता चला कि जहांगीर को Y कैटेगरी की सुरक्षा मिली है। इसके तहत 10 पुलिसकर्मी मिले हैं। उन्होंने मौके पर तैनात 4 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को लेकर एसपी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा। पूछा कि नियम विरुद्ध इस तरीके से अतिरिक्त फोर्स क्यों तैनात की गई? 28 अप्रैल को अजय पाल के 18 और 15 सेकंड के 2 वीडियो वायरल हुए। इसमें वो कह रहे हैं, ‘फिर उसकी खबर अच्छे से लेंगे हम। ये जहांगीर के घर वाले भी खड़े हैं। उसको बता देना कायदे से। ये बार बार जो खबरें आ रही हैं कि उसके लोग धमका रहे हैं। उसकी खबर अच्छे से लेंगे। फिर बाद में रोना-पछताना मत।’ पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा की 293 सीट पर हुए चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 207 सीट पर जीत दर्ज की है, जबकि 15 साल से सत्ता में रही तृणमूल 80 सीटों पर सिमट गई।
—————– ये खबर भी पढ़िए- योगी मंत्रिमंडल में 6 नए मंत्री बने, 2 का प्रमोशन:शपथ के बाद राज्यपाल-सीएम के पैर छुए, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रहीं कृष्णा पासवान भी मंत्री बनीं यूपी की योगी कैबिनेट का आज दूसरी बार विस्तार हुआ। 2 कैबिनेट और 4 राज्यमंत्री मिलाकर 6 नए सदस्य शामिल हुए। वहीं 2 राज्य मंत्रियों को प्रमोशन देकर राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाया गया। राजभवन में रविवार को आयोजित समारोह में सबसे पहले भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने शपथ ली। इसके बाद सपा के बागी विधायक मनोज पांडेय ने शपथ ली। दोनों को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। तीसरे नंबर पर अजीत पाल और फिर सोमेंद्र तोमर ने शपथ ली। दोनों को प्रमोट कर राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाया गया। इसके बाद कृष्णा पासवान, कैलाश राजपूत, सुरेंद्र दिलेर और हंसराज विश्वकर्मा ने राज्यमंत्री पद की शपथ ली। पढ़ें पूरी खबर