KGMU में बोनमैरो ट्रांसप्लांट यूनिट का आगाज आज:गवर्नर लोकार्पण करेंगी, हाईटेक वॉर्ड बनाने के लिए बिरला ने ₹2.78 करोड़ दिए

KGMU के हिमैटोलॉजी विभाग में गुरुवार को राज्यपाल बोनमैरो ट्रांसप्लांट यूनिट का शुभारंभ करेंगी। 8 बेड की यूनिट मॉडर्न सुविधाओं से लैस है। ट्रांसप्लांट के बाद मरीजों को संक्रमण से बचाने के लिए खास इंतजाम किए गए हैं। हवा से आने वाले फंगस और बैक्टीरिया को रोकने के लिए खास फिल्टर लगाए गए हैं। बुधवार को यह जानकारी पीसी में KGMU कुलपति डॉ. सोनिया नित्यानंद ने दी। कुलपति ने कहा- ट्रांसप्लांट यूनिट का निर्माण आदित्य बिड़ला कैपिटल फाउंडेशन के सीएसआर फंड से किया गया है। लगभग 2.78 करोड़ रुपए की लागत से यूनिट तैयार की गई है। उन्होंने बताया- रक्त और गांठ कैंसर से पीड़ितों में बोनमैरो ट्रांसप्लांट किया जाएगा। अनुवांशिक बीमारी थैलसीमिया, ए प्लास्टिक एनीमिया से पीड़ितों का भी बोनमैरो ट्रांसप्लांट किया जाएगा। डॉ. सोनिया नित्यानंद ने बताया कि बोनमैरो ट्रांसप्लांट के दौरान मरीज को संक्रमण आसानी से चपेट में ले सकता है। तीन सप्ताह मरीजों को संक्रमण से बचाना सबसे बड़ी चुनौती होती है। इसलिए यूनिट में हेपा फिल्टर लगाए गए हैं। यूनिट के भीतर एकदम स्वच्छ हवा आए। उन्होंने बताया कि डॉक्टर प्रशिक्षित हैं। नर्स और पैरामेडिकल स्टाफ को प्रशिक्षित किया जा रहा है। सरकारी योजनाओं से मिलेगा लाभ प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने बताया- ज्यादातर ट्रांसप्लांट प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री राहत कोष से किए जाएंगे। आयुष्मान और असाध्य योजना से भी मरीजों का प्रत्यारोपण किया जाएगा। हॉस्पिटल रिवॉल्विंग फंड के काउंटर से मरीजों को सस्ती दर पर दवाएं मुहैया कराई जाएंगी। हिमैटोलॉजी विभाग के अध्यक्ष डॉ.एसपी वर्मा ने बताया- फाउंडेशन ने सात और बेड बढ़ाने के लिए बजट मुहैया कराएगी। लगभग 3.25 करोड़ रुपए से दूसरी बोनमैरो ट्रांसप्लांट यूनिट स्थापित की जाएगी। कुलपति ने बताया कि गुरुवार को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल यूनिट का लोकापर्ण करेंगी। उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह मौजूद रहेंगे।