अदिति सिंह ने प्रतीक भूषण को विधानसभा में राखी बांधी:प्रतीक ने पैर छूकर आशीर्वाद लिया, एक दिन का भत्ता गिफ्ट किया

यूपी विधानसभा का मानसून सत्र आज से शुरू हो गया। पहले ही दिन विधानसभा में दिलचस्प नजारा देखने को मिला। रायबरेली सदर से विधायक अदिति सिंह ने बृजभूषण सिंह के बेटे और गोंडा से विधायक प्रतीक भूषण सिंह को राखी बांधी। इस दौरान प्रतीक ने पैर छूकर अदिति से आशीर्वाद लिया। अदिति ने बताया कि उन्होंने अपने भाई को खूब तरक्की करने का आशीर्वाद दिया। वो खूब आगे बढ़ें और तरक्की करें। उधर, प्रतीक भूषण ने कहा कि वो आज का भत्ता अपनी बहन को गिफ्ट के रूप में देंगे। इस पर अदिति ने जवाब दिया कि वो एक दिन का नहीं, पूरे महीने का भत्ता लेंगी। प्रतीक ने इस पर चुटकी लेते हुए कहा कि पूरे महीने का भत्ता तो ज्यादा हो जाएगा। प्रतीक को राखी बांधने की 4 तस्वीरें अदिति बोलीं- प्रतीक मेरे भाई राखी बांधने के बाद अदिति सिंह ने कहा- प्रतीक मेरे भाई हैं। मैं आज से नहीं, पिछले कई साल से उन्हें राखी बांध रही हूं। मेरी छोटी बहन भी उन्हें राखी बांधती है। रक्षाबंधन शनिवार को था। इसके बाद रविवार था। इस दौरान हम दोनों भाई-बहन अपने-अपने क्षेत्र में थे। इसलिए आज मैंने राखी बांधी। पहली बार मुझे विधानसभा में राखी बांधने का मौका मिला। अदिति सिंह ने बताया- हर रक्षाबंधन पर प्रतीक मेरे घर आते थे। लेकिन, इस बार बाढ़ के चलते वो अपने क्षेत्र में थे। बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच में थे और उनकी मदद कर रहे थे। इसी वजह से रक्षाबंधन पर वह मेरे घर नहीं आ सके। इसीलिए आज विधानसभा सत्र के दौरान मैंने प्रतीक को राखी बांधी। प्रतीक बोले- मैं हर साल अदिति बहन से राखी बंधवाता हूं इस मौके प्रतीक भूषण ने कहा- मैं तो हर साल अदिति जी से राखी बंधवाता हूं। इस बार वीकेंड पर त्योहार पड़ा था। मेरे यहां बाढ़ आई हुई थी। इसीलिए हम लोगों ने प्लान किया था कि हम सदन में राखी बंधवाएंगे। आज ये अवसर मिला। मैं खुद को सौभाग्यशाली मानता हूं।
प्रतीक ने कहा- मैं संकल्प लेता हूं कि गोंडा वाले रायबरेली की हर बहन की रक्षा करेंगे और मैं इनकी रक्षा करूंगा। ये गोंडा और रायबरेली का रिश्ता है। भाई-बहन का रिश्ता है। इस दौरान अदिति और प्रतीक के बीच हंसी मजाक चलता रहा। अब पढ़िए विपक्ष के विरोध पर दोनों विधायकों ने क्या कहा विपक्ष के विरोध पर अदिति सिंह ने कहा कि उन्हें बातचीत करनी चाहिए। बातचीत करने के लिए ही तो विधानसभा चलती है। आप सही तरीके से, संवैधानिक तरीके से सवाल पूछें और सत्ता पक्ष से जवाब लें। लेकिन वह बार-बार हंगामा करके सदन की कार्रवाई भंग कर देते हैं। ये यूपी के लिए बहुत बुरा है। वहीं, प्रतीक भूषण ने कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है। इसलिए जमीन पर बैठकर विरोध कर रहे हैं। हमारा कहना है कि वह खुले मैदान में आए, चर्चा करें। विधानसभा उनका इंतजार कर रही है। सरकार और मुख्यमंत्री जवाब देने को तैयार हैं। बृजभूषण सिंह के बड़े बेटे हैं प्रतीक
प्रतीक भूषण कैसरगंज के पूर्व सांसद बृजभूषण सिंह के बड़े बेटे हैं। वह गोंडा सदर विधानसभा से दूसरी बार विधायक चुने गए हैं। प्रतीक के छोटे भाई करण भूषण कैसरगंज से भाजपा सांसद हैं। प्रतीक भूषण की मां केतकी देवी सिंह भी लोकसभा सांसद और जिला परिषद अध्यक्ष रह चुकी हैं। अदिति के पिता कांग्रेस के वरिष्ठ नेता थे
अदिति सिंह रायबरेली से भाजपा विधायक हैं। पहली बार अदिति सिंह ने रायबरेली सीट से 2017 में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था और जीत हासिल की थी। इसके बाद 2022 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस छोड़ भाजपा जॉइन कर ली थी। अदिति सिंह के पिता अखिलेश सिंह भी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता थे। वह कई बार कांग्रेस के टिकट पर ही चुनाव जीते। —————————- यह खबर भी पढ़ें सपा का विरोध, 18 विधायकों ने प्रश्न नहीं पूछे, सतीश महाना ने स्वामी ओमवेश से कहा- आप तो स्वामी हो, आप ही पूछ लीजिए यूपी विधानसभा सत्र के पहले दिन की शुरुआत हंगामे के साथ हुई। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने गोरखपुर दौरे के दौरान उनके साथ हुई बदसलूकी का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि मुझे गाड़ी से खींचने की कोशिश की गई। यहां पढ़ें पूरी खबर