यमुनानगर में यमुना नदी में फंसा युवक, VIDEO:लकड़ी निकालने गया, अचानक बढ़ा जलस्तर; ड्रोन से भेजा मोबाइल, ट्यूब के सहारे किया रेस्क्यू

यमुनानगर में आज यानी रविवार को यमुना नदी में बाढ़ के दौरान लकड़ियां निकालते समय एक व्यक्ति फंस गया। फतेहपुर, उत्तर प्रदेश के रहने वाले 35 वर्षीय नूर अली ताजेवाला के पास यमुना नदी में लकड़ियां निकाल रहे थे। इस दौरान वे नदी के बीच में फंस गए। भारतीय किसान यूनियन टिकैत ग्रुप के तहसील अध्यक्ष सचिंद्र पवार ने मिर्जापुर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश प्रशासन हरकत में आया। बचाव दल ने फंसे व्यक्ति तक संपर्क करने के लिए ड्रोन से मोबाइल फोन पहुंचाया। प्रशासन ने सरसावा से हेलीकॉप्टर बुलाने की योजना भी बनाई। इसी बीच यमुना नदी में पानी का बहाव कम हो गया। ट्यूब की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला
इसका फायदा उठाते हुए दो लोगों ने ट्यूब की मदद से नूर अली को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बाढ़ के दौरान नदी में बहकर आने वाली लकड़ियों को निकालने के लिए कई लोग अपनी जान जोखिम में डालकर ऐसा काम करते हैं। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाला गया।