यूपी की बड़ी खबरें:दूल्हे की दाढ़ी देख दुल्हन ने शादी से किया इनकार, कहा- क्लीन शेव वाला लड़का चाहिए

सीतापुर में दूल्हे के क्लीन शेव न होने पर दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। लड़का ढाढ़ी रखकर बारात लेकर पहुंच गया था। लड़की ने जैसे उसे देखा उसने कहा- मैं शादी नहीं करूंगी। मुझे क्लीन शेव वाला लड़का चाहिए। इसके बाद हंगामा हो गया। लड़की और लड़के पक्ष ने दोनों को समझाने में की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी। बिना दुल्हन के बारात वापस लौट गई। मामला थाने तक पहुंच गया। पुलिस दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश कर रही है। अभी किसी की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। (पढ़ें पूरी खबर) रामपुर में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद बोले-गोहत्या पर हम मजबूर हैं; आंदोलन करो तो गोली चलती है रामपुर में शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती का बड़ा बयान सामने आया है। माता महाकाली, महासरस्वती और खाटू श्याम बाबा की प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल होने आए जगद्गुरू ने मंच से केंद्र और राज्य सरकारों पर जमकर हमला बोला। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा, “दुख की बात है कि भारत अब गौहत्या के मामलों में विश्व में पहले स्थान पर है। सरकार की गोशाला योजनाएं सिर्फ दिखावा हैं। इसलिए हमने खुद चार हजार से ज्यादा गोधाम बनाने की योजना बनाई है
“हमारी मजबूरी है, कोई सुनता नहीं। आंदोलन करो तो गोली चलती है, अनशन करो तो कहा जाता है, मर जाओ’। अब यह नीति नहीं चलेगी। हम शांतिपूर्ण लेकिन निर्णायक आंदोलन करेंगे। पढ़ें पूरी खबर… बदायूं में दो बहनों ने जहर खाकर दी जान: खाना बनाने को लेकर हुआ था विवाद बदायूं में खाना बनाने को लेकर हुए विवाद में दो सगी बहनों ने जहर खाकर जान दे दी। घटना कोतवाली क्षेत्र के गांव भवानीपुर खल्ली में हुई। जब्बार खां की 17 साल की बेटी मैरूल और 18 साल की बेटी मैरीन उर्फ जीवा के बीच रविवार दोपहर को खाना बनाने को लेकर विवाद हुआ। यह देखकर बड़े भाई ने उन्हें डांट दिया। भाई के हाथ में चोट लगी थी, वह पट्टी कराने चला गया। भाई की डांट से नाराज दोनों बहनों ने घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया। नमाज से लौटे पिता जब्बार खां ने बेटियों को तड़पता देखा। पड़ोसियों की मदद से उन्हें सहसवान के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर दोनों को बदायूं मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहां उनकी मौत हो गई। पढ़ें पूरी खबर मिर्जापुर में 3 गाड़ियां आपस में टकराईं, रेलवे के रिटायर्ड कर्मचारी की मौत; 14 घायल भदोही में रविवार को तेज रफ्तार जायलो कार, पिकअप और लूना मोपेड की आमने-सामने से टक्कर हो गई। हादसे में एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, 14 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना जबरदस्त था कि टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। गोपीगंज थाना क्षेत्र से पिकअप में सवार 10 लोग चुनार से दवा लेकर कछवां लौट रहे थे। उसी दौरान कछवां की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार जायलो कार सबेसर गांव के पास बेकाबू होकर सामने आ गई। इससे दोनों वाहनों की जोरदार भिड़ंत हो गई। इसी बीच मितई गांव निवासी गौरी शंकर जैसवार (71) अपनी लूना से वहां गुजर रहे थे। गौरी शंकर रेलवे से रिटायर हुए थे। जायलो की चपेट में आकर उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पिकअप सवार 10 जायलो पर सवार 4 लोग घायल हैं। पढ़ें पूरी खबर… संभल में शादी का दबाव बनाने पर प्रेमी ने शादीशुदा प्रेमिका को मार डाला: आत्महत्या दिखाने के लिए लटकाया शव संभल में शादी का दबाव बनाने पर प्रेमी ने अपनी शादीशुदा प्रेमिका को मार डाला। पुलिस ने प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। जुनावई थाना क्षेत्र के गांव मैढोली की ज्योति (19) की लाश 3 जून को गुन्नौर थाना क्षेत्र के सेजना गांव के जंगल में मिली थी। ज्योति की शादी एक साल पहले संभल के रजपुरा थाना क्षेत्र के दीपपुर निवासी अंकित कुमार से हुई थी। वह शादी से खुश नहीं थी। पिछले 7-8 महीनों से मायके में रह रही थी। इसी दौरान ज्योति की सोशल मीडिया पर नीटू से दोस्ती हुई। दोनों जुनावई बाजार में कई बार मिले। ज्योति अपने पति के साथ नहीं रहना चाहती थी। वह नीटू पर शादी का दबाव बना रही थी। इससे परेशान होकर नीटू ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर ज्योति की गला घोंटकर हत्या कर दी। सुसाइड दिखाने के लिए उसका शव पेड़ से लटका दिया। पढ़ें पूरी खबर गोरखपुर में डंपर की टक्कर से ट्रांसफॉर्मर में लगी आग, तेज धमाके के साथ फटा गोरखपुर के तिवारीपुर इलाके में रविवार बड़ा हादसा हो गया। निजामपुर चौराहे के पास एक डंपर बिजली के खंभे से टकरा गया। टक्कर के बाद शॉर्ट सर्किट हुआ और ट्रांसफॉर्मर में जोरदार विस्फोट के साथ आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के लोग दहशत में आ गए। विस्फोट और आग लगने के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। कई लोग तेज धमाके की आवाज से नींद से जाग गए। आसपास के करीब ढाई सौ घरों की बिजली ठप हो गई। पढ़िए पूरी खबर लखनऊ में रोडवेज बस ने महिला-पुरुष को रौंदा, बिजली पोल को तोड़ते हुए परचून की दुकान में घुसी लखनऊ के मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र में नशे में धुत रोडवेज बस चालक ने महिला और पुरुष को रौंद दिया। बेकाबू बस बिजली के पोल को तोड़ते हुए परचून की दुकान में घुस गई। महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। जबकि पुरुष की हालत गंभीर है। हादसा रविवार सुबह आठ बजे बिंदौवा कट के आगे गौरा की तरफ नेशनल हाईवे पर हुआ। रायबरेली डिपो की बस (UP33CT2331) रायबरेली से लखनऊ की ओर जा रही थी। बस ने साइकिल सवार 50 वर्षीय उमेश गोस्वामी और पैदल जा रहीं 38 वर्षीय रामदेवी को रौंद दिया। पढ़ें पूरी खबर कानपुर में मोहन भागवत ने पंच परिवर्तन पर की चर्चा; बोले- हर घर तक पहुंचाएं संघ के साहित्य संघ प्रमुख मोहन भागवत कानपुर में हैं। रविवार को संघ प्रमुख मोहन भागवत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय कार्यकर्ता विकास वर्ग में शामिल हुए। सुबह 5 बजे नवाबगंज स्थित दीनदयाल विद्यालय में प्रशिक्षण वर्ग के लोगों के साथ शाखा की। उन्होंने कहा-संघ की ओर समाजहित में किए गए कार्यों से जुड़े साहित्यों को हर घर तक पहुंचाना है। साथ ही पंच परिवर्तन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा- सभी हिंदुओं को एकजुट करने का काम करना है। हर घर में संस्कार हो और लोग परिवार में एकजुट हो। जिससे सनातन परंपरा को हर घर में दोबारा स्थापित किया जा सके। पढ़िए पूरी खबर सहारनपुर में एनकाउंटर; दो हिस्ट्रीशीटरों के पैर में लगी गोली, 3 बदमाश फरार सहारनपुर में शनिवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इसमें दो हिस्ट्रीशीटर के पैर में गोली लगी। घायल बदमाशों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जबकि तीन बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। एसपी देहात सागर जैन ने बताया- देवबंद पुलिस अंबेहटा तिराहे पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी नूरपुर की ओर से एक वर्ना कार और एक बाइक पर सवार कुछ संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस के रुकने का इशारा किए जाने पर वे वाहन मोड़कर लखनौती गांव की ओर भागने लगे। पीछा करने पर कार एक पुलिया से टकरा गई और बदमाशों ने उतरते ही पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। इसमें 2 हिस्ट्रीशीटरों के पैर में गोली लगी। बदमाश की पहचान देवबंद के अचिन उर्फ रविकांत और नागल थाने के सक्षम त्यागी उर्फ घोलू के रूप में हुई। पढ़िए पूरी खबर 3 बेटों से परेशान बुजुर्ग पिता ने किया सुसाइड; बिजनौर में घर के बंटवारे को लेकर होता था विवाद, रेलिंग से लटका मिला शव बिजनौर में तीन बेटों से परेशान होकर बुजुर्ग पिता ने सुसाइड कर लिया। बताया गया बलबीर सिंह (70) के तीन बेटे हैं और उनमें पैतृक संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है। इसी से परेशान होकर बलबीर सिंह ने शनिवार रात जीने की रेलिंग पर कपड़े की रस्सी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना चांदपुर क्षेत्र के गांव ककराला की है। थाना प्रभारी चांदपुर संजय कुमार तोमर ने बताया- बलबीर सिंह के तीन बेटे हैं – कृष्णपाल, मनोज और उमेश कुमार। पैतृक घर के बंटवारे को लेकर तीनों भाइयों के बीच विवाद चल रहा था। इस विवाद से बलबीर सिंह काफी परेशान थे। पढ़िए पूरी खबर आजमगढ़ में पुलिस पर हमला करने वाले 17 गिरफ्तार; थाना प्रभारी सहित 5 पुलिसकर्मी हुए घायल, 35 आरोपियों पर मुकदमा आजमगढ़ में दो पक्षों के विवाद के बाद पहुंची पुलिस पर ग्रामीणों ने ईंट-पत्थर और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में थाना प्रभारी सहित पांच पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हैं। घटना बरदह थाना क्षेत्र के बर्रा गांव की है। पुलिस की जांच में हमले में 35 लोगों के नाम सामने आए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। वहीं अभी तक 17 लोगों को गिरफ्तार भी किया जा चुका है। पढ़िए पूरी खबर कानपुर देहात में चेन स्नैचर को लगी गोली; पुलिस मुठभेड़ में एक घायल, नाबालिग समेत दो गिरफ्तार कानपुर देहात के रूरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने चेन स्नैचिंग के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक नाबालिग है। मुठभेड़ में एक आरोपी को गोली लगी है। रूरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली। पुलिस ने सराय गढ़ेवा अंडरपास के पास घेराबंदी की। आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में अंकित सिंह को गोली लग गई। पढ़िए पूरी खबर