लखनऊ में जोरदार बारिश, उन्नाव में रेलवे ट्रैक धंसा:औरैया में मां-बेटे नाले में गिरे; बिजली से 10 मौत, कल 39 जिलों में भारी बरसात का अलर्ट

यूपी में दक्षिण-पश्चिम मानसून का असर दिखने लगा है। गुरुवार को लखनऊ, कानपुर, कानपुर देहात, उन्नाव, हाथरस, मथुरा, लखीमपुर, सोनभद्र और ललितपुर में जोरदार बारिश हुई। सड़कों पर पानी भर गया। कानपुर में साढ़े 5 बजे मौसम बदल गया। यहां करीब एक घंटे में 7.3 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। तापमान में 9 डिग्री की गिरावट आई है। दोपहर में तापमान 39.7 डिग्री था, बारिश के बाद 30 डिग्री के करीब पहुंच गया। यहां गर्मी-उमस के चलते हीट इंडेक्स 58 पहुंच गया था, जो रेड जोन में आता है। बारिश से राहत मिली है। उन्नाव में 30 मिनट की बारिश से सड़कें तालाब बन गईं। बारिश से रेलवे ट्रैक धंस गया। एक युवक ने लाल टीशर्ट लहराकर पैसेंजर ट्रेन रुकवाई। जिससे बड़ा हादसा टल गया। औरैया में बिजली गिरने से एक किसान की मौत हो गई। लोग उसे चारपाई पर लादकर अस्पताल ले गए थे, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित किया। यहां एक महिला अपने बेटे को बचाने में नाले में गिर गई। आगरा में सुबह से बादल छाए थे। शाम करीब 5 बजे बूंदाबांदी शुरू हुई, जोकि अब तक जारी है। अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, 25 जून तक आंधी और बारिश की संभावना है। मथुरा में भी पूरी रात रुक-रुक कर बारिश होती रही। इसके चलते संत प्रेमानंद महाराज ने पदयात्रा स्थगित कर दी। उनके दर्शन के लिए घंटों से खड़े भक्त मायूस होकर लौट गए। लखीमपुर खीरी-फर्रुखाबाद में सुबह मानसून की पहली बारिश हुई। हाथरस में बुधवार रात 1 बजे से सुबह 7 बजे तक यानी 6 घंटे लगातार बारिश हुई। सड़कें जलमग्न हो गईं। गलियों में जलभराव हो गया। कोतवाली में घुटनों तक पानी भर गया। यहां 8.71 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। इधर, नेपाल के पहाड़ों पर हो रही बरसात से श्रावस्ती में हथिया कुंडा नाले में बाढ़ आ गई है। पानी का बहाव तेज है। आसपास के गांवों के लोग जान जोखिम में डालकर नाला पार करते नजर आए। प्रदेश में बिजली गिरने से चार बच्चों समेत 10 की मौत हुई। कौशांबी में 4, कानपुर में 3 और उन्नाव-औरैया, चित्रकूट में 1-1 की जान गई। बीते 24 घंटे में 45 जिलों में 5.3 मिमी बारिश हुई है। वैज्ञानिकों ने 3.3 मिमी बारिश की संभावना जताई थी, हालांकि 42 फीसदी अधिक हुई है। सबसे ज्यादा बारिश फिरोजाबाद में 80 मिमी रिकॉर्ड हुई। प्रदेश में एक जून से अब तक औसतन 31.2 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है। जबकि मौसम विभाग के मुताबिक अब तक 39.1 मिमी बारिश हो जानी चाहिए। 3 तस्वीरें देखिए- कल कैसा रहेगा मौसम मौसम से जुड़े अपडेट्स के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए-