दो भाइयों को नेक्सॉन ने मारी टक्कर, एक की मौत:प्रयागराज में सड़क किनारे खड़े थे, दूसरे भाई के दोनों पैरों में फ्रैक्चर; चालक कार छोड़कर फरार

प्रयागराज में रविवार शाम सड़क किनारे खड़े दो भाइयों को नेक्सॉन कार ने टक्कर मार दी। हादसे में एक भाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके दोनों पैरों में फ्रैक्चर हुआ है। हादसे के बाद कार गड्ढे में फंस गई। चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। डॉक्टर को दिखाकर लौट रहे थे पिता और बेटे बड़ौदा छाता महुआ निवासी बबलू सोनी रविवार शाम करीब 6 बजे अपने बेटों राहुल सोनी (20) और लकी को करनैपुर बाजार में डॉक्टर को दिखाने ले गए थे। दोनों को बुखार था। डॉक्टर को दिखाने के बाद तीनों बाइक से घर लौट रहे थे। देवमूरत गर्ल्स इंटर कॉलेज के पास नहर की पटरी पर बबलू लघुशंका के लिए रुक गए। दोनों बेटे बाइक सड़क किनारे खड़ी करके वहीं खड़े थे। इसी दौरान करनैपुर की ओर से आ रही नेक्सॉन कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर से एक की मौके पर मौत, दूसरा घायल टक्कर लगने से दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। कार सड़क की दूसरी ओर जाकर गड्ढे में फंस गई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि लकी के दोनों पैरों में फ्रैक्चर हो गया। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। हादसे के बाद चालक कार छोड़कर भाग निकला। चालक की पहचान, तलाश में जुटी पुलिस पुलिस के अनुसार, कार चालक की पहचान मऊआइमा के चंडीपट्टी निवासी मिनी सरोज पुत्र विनोद सरोज के रूप में हुई है। रानीगंज इंस्पेक्टर अवन दीक्षित ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर फरार चालक की तलाश की जा रही है।