लखनऊ में कांग्रेस की महिला कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़कर नारेबाजी कर रही हैं। आक्रोशित महिलाएं विधानसभा तक पहुंचने के लिए जोर लगा रही हैं। लेकिन जैसे ही वह पार्टी मुख्यालय से विधानसभा के लिए निकली थीं, पुलिस ने वैसे ही बैरिकेडिंग कर रोक दिया। इस दौरान महिलाओं की पुलिस से नोकझोंक हो गई। महिलाएं प्रदेश में अपराध और कानून व्यवस्था को लेकर नाराजगी जता रही हैं। साथ ही महिला आरक्षण लागू करने की मांग कर रही हैं। यह प्रदर्शन कांग्रेस महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष ममता चौधरी की अगुआई में किया जा रहा है। महिला आरक्षण लागू करने की मांग प्रदर्शन कर रही कांग्रेस की प्रवक्ता अनामिका यादव ने कहा- उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरीके से ध्वस्त हो चुकी है। कांग्रेस पार्टी हमेशा महिलाओं की आवाज उठाती रही है। आगे भी उठाएगी। हम लोग महिलाओं के आरक्षण और कानून व्यवस्था को लेकर सड़कों पर उतरे हैं। हमारी मांग है कि महिलाओं के आरक्षण को तत्काल लागू किया जाए। महिला आरक्षण सिर्फ जुमला साबित न हो। महिलाएं प्रदेश में सुरक्षित नहीं अनामिका यादव ने कहा- उत्तर प्रदेश में महिलाओं के साथ लगातार दुराचार हो रहा है। हाल ही में मलिहाबाद में युवती के साथ दुष्कर्म हुआ। बलिया में युवती की हत्या करके उसे पेड़ पर लटका दिया गया। यूपी के 75 जनपद में कहीं भी महिलाएं सुरक्षित नहीं है। हत्या को बताया जाता है आत्महत्या महिलाओं की हत्या को आत्महत्या बताया जा रहा है। प्रशासन सरकार के दोहरे चरित्र को छुपाने में लगा हुआ है। यह कहते थे महिलाएं आधी रात में भी सड़क पर निकल सकती हैं। मगर महिलाएं कहीं भी उत्तर प्रदेश में सुरक्षित नहीं हैं। हम लोग इसके खिलाफ लगातार आवाज उठाते रहेंगे।